
जबलपुर। कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय कौशल समिति की बैठक आयोजित की गई। जिसमें उन्होंने जिले में संचालित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में प्रशिक्षण की गुणवत्ता बेहतर बनाने तथा युवाओं को उद्योगों की मांग के अनुरूप रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के तहत अधिक से अधिक युवाओं को जोडऩे और कौशल विकास की गतिविधियों में तेजी लाने पर भी जोर दिया।
बैठक में आईटीआई में संचालित विभिन्न ट्रेड्स, प्रशिक्षण की गुणवत्ता, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर,
उद्योगों के साथ समन्वय, जिला कौशल विकास योजना, कॉल कारीगर ऐप, स्किल इंडिया प्रतियोगिता तथा कौशल विकास के क्षेत्र में नवाचारों पर चर्चा की गई। कलेक्टर विश्वकर्मा ने विकासखंड स्तर पर संचालित आईटीआई संस्थानों में प्रशिक्षण की गुणवत्ता उच्च स्तर पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय उद्योगों की आवश्यकताओं और उनकी मांग के अनुरूप रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम तैयार कर उन्हें जिला कौशल विकास योजना में शामिल किया जाए, ताकि युवाओं को प्रशिक्षण के बाद रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें। बैठक में शासकीय आईटीआई जबलपुर के प्राचार्य अमित आठ्या ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से जिले की समस्त आईटीआई संस्थाओं की वर्तमान स्थिति, संचालित ट्रेड्स, प्रशिक्षण व्यवस्थाओं तथा औद्योगिक संस्थानों से मिल रहे सहयोग की जानकारी प्रस्तुत की।
