
ब्यावरा। जिले में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर आरोपियों ने हमला कर दिया. अचानक हुए पथराव और मारपीट में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए. हमलावरों ने पुलिस वाहन को भी निशाना बनाया और गाड़ी के आगे-पीछे के कांच फोड़ दिए. घटना के बाद पुलिस ने मौके से करीब 360 लीटर कच्ची शराब जब्त की है. मामले में छह आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है.
जानकारी के मुताबिक जिले के बोड़ा थाना क्षेत्र में घटना हुइ. पुलिस के अनुसार, अवैध शराब की सूचना पर बोड़ा थाना पुलिस की टीम कार्रवाई के लिए पहुंची थी. इसी दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया. आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट भी की. अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. हमले में दो पुलिसकर्मियों को चोटें आईं, वहीं पुलिस वाहन के आगे और पीछे के कांच क्षतिग्रस्त हो गए.
चार आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट
थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह राजपूत ने बताया कि पुलिस टीम अवैध शराब पकडऩे पहुंची थी, इसी दौरान कुछ लोगों ने हमला कर दिया. मामले में चार लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. कार्रवाई के दौरान 360 लीटर कच्ची शराब जब्त की गई है तथा छह आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है.
आरोपियों के खिलाफ होगा सख्त कार्रवाई
इस पूरी घटना के बाद से पुलिसकर्मियों पर हमला करने वालों की तेजी से जांच की जारी है. वहीं, घायल पुलिसकर्मियों का उपचार कराया गया है. पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि अवैध शराब का कारोबार क्षेत्र में कितने समय से संचालित हो रहा था और इसमें अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं. जब्त की गई कच्ची शराब को लेकर भी आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शासकीय कार्य में बाधा डालने और पुलिस टीम पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए निगरानी बढ़ाई गई है.
