
अनूपपुर। जिले के खोडरी गांव आरोग्य धाम मंदिर के पास आज दो मोटर साइकलों में आमने सामने से टक्कर हो गई जिसमें एक बच्चे सहित तीन की मौत हो गई। वहीं 4 लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया है। जहां पर चारों की हालत को देखते हुए भरती कर लिया गया है।
बताया जा रहा है कि छतई गांव निवासी कुमान सिंह अपनी पत्नी ज्योति अगरिया उम्र 30 वर्ष तीन बच्चों के साथ पिपरटोला से अपने गांव छतई जाने निकले। इनमें एक बच्चा उनके रिश्तेदार का भी था। वहीं, दूसरी बाइक पर निमहा गांव निवासी दो सगे भाई हंसराज सिंह गोंड़ और रामसिंह गोंड़ पिता जयपाल सवार अपने घर आ रहे थे। दोनों वाहन जब खोडरी गांव में आरोग्यधाम मंदिर के सामने पहुंचे तो भिडंत हो गई। भिड़ंत में दोनों बाइक के परखच्चे उड़ गए, बाइक में सवार एक बच्चे सहित दो युवकों की मौैत हो गई। वहीं चार लोगों को गंभीर चोटें आई। दुर्घटना होते देख आसपास के लोगों में चीख पुकार मच गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। जिनकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को कोतमा के शासकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां पर डाक्टरों ने ग्राम छतई निवासी कुमान सिंह, निमहा निवासी रामसिंह गोंड़ और एक मासूम बच्चे को मृत घोषित कर दिया। वहीं कुमान सिंह की पत्नी ज्योति अगरिया, निमहा निवासी हंसराज सिंह गोंड़ पिता जयपाल) और दो बच्चों की हालत को देखते हुए भरती कर लिया गया है। इनमें एक बच्चे को छोड़कर बाकी तीन गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल अनूपपुर रेफर कर दिया गया।
