
खुजनेर। पुलिस द्वारा सोयाबीन चोरी की घटना का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए 06 आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर विधिवत गिरफ्तार किया गया है.
बीते 20 अक्टूबर को फरियादी गोवर्धनलाल पिता स्व. भंवरलाल दांगी, उम्र 52 वर्ष, निवासी ग्राम बखेड़ द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उनके घर के सामने बरामदे में सोयाबीन से भरी कट्टियां रखी हुई थीं.
रात्रि के समय अज्ञात व्यक्ति दो मोटरसाइकिलों से आए तथा सोयाबीन की कट्टियां चोरी कर ले जाने लगे. फरियादी द्वारा आवाज लगाने पर आरोपी मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए. अंधेरा होने के कारण फरियादी आरोपियों एवं मोटरसाइकिल के नंबर नहीं पहचान सके. आरोपियों द्वारा कुल 14 कट्टियां, लगभग 07 क्विंटल सोयाबीन चोरी कर ली गई. पुलिस द्वारा मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों को पकड़ा. पूछताछ में आरोपियों द्वारा उक्त चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया गया. पुलिस द्वारा सभी 06 आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर उनके मेमोरेंडम के आधार पर चोरी किए गए सोयाबीन की बिक्री से प्राप्त नगद राशि 40 हजार 300 एवं घटना में प्रयुक्त 03 मोटरसाइकिल जप्त की गईं.
