![]()
एचआईवी/एड्स नियंत्रण के अंतर्गत पांढुरना जिले को निर्धारित लक्ष्यों को सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (नाको), नई दिल्ली द्वारा पांढुरना जिले को सुरक्षित का दर्जा प्रदान किया गया ।
राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन के अपर सचिव एवं महानिदेशक डॉ. राकेश गुप्ता ने 12 नवंबर 2026 को कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ को पत्र प्रेषित कर इस उपलब्धि के लिए जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई दी है। पत्र में जिले द्वारा एचआईवी/एड्स नियंत्रण की दिशा में किए गए प्रयासों की सराहना की गई है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि ‘एड्स सुरक्षा पहल’ के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति जिले में एचआईवी/एड्स नियंत्रण के लिए किए गए समन्वित प्रयासों का परिणाम है। इस उपलब्धि में जिला एड्स नियंत्रण अधिकारी, दिशा, जिला एड्स निवारण एवं नियंत्रण इकाई (डीएपीसीयू) के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन ने जिले को इस उपलब्धि को निरंतर बनाए रखने के साथ ही ‘सुरक्षित प्लस’ का दर्जा प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया है। इसके अंतर्गत एचआईवी, सिफलिस एवं हेपेटाइटिस-बी के मां से बच्चे में होने वाले संक्रमण के त्रिस्तरीय उन्मूलन के निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करना शामिल है।
यह उपलब्धि पांढुरना जिले में एचआईवी/एड्स नियंत्रण, जागरूकता एवं जनस्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की महत्वपूर्ण सफलता है।
