डॉ. जितेंद्र सिंह ने इटली में आईसीजीईबी का दौरा किया

नयी दिल्ली, 16 नवंबर (वार्ता) केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह ने इटली के ट्रिएस्टे स्थित अंतरराष्ट्रीय जेनेटिक इंजीनियरिंग एवं जैव प्रौद्योगिकी केंद्र (आईसीजीईबी) का दौरा किया और वैश्विक जैव प्रौद्योगिकी अनुसंधान, नवाचार तथा वैज्ञानिक सहयोग में भारत की बढ़ती भूमिका को रेखांकित किया।

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि डॉ. सिंह ने आईसीजीईबी दौरे में दौरान केंद्र की अत्याधुनिक अनुसंधान सुविधाओं का जायजा लिया और वहां कार्यरत भारतीय वैज्ञानिकों, शोधार्थियों तथा केंद्र के नेतृत्व के साथ बातचीत की। उन्होंने केंद्र की जैव प्रौद्योगिकी विकास इकाई में जैव-औषधि उत्पादन एवं प्रशिक्षण सुविधा, नयी जैव सुरक्षा स्तर-3 प्रयोगशाला और कार्यात्मक कोशिका जीव विज्ञान प्रयोगशाला की उच्च क्षमता वाली स्क्रीनिंग सुविधा का निरीक्षण किया। इस दौरान भारत और आईसीजीईबी के बीच अनुसंधान, वैज्ञानिक प्रशिक्षण तथा प्रौद्योगिकी विकास के क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।

इस अवसर पर भारत की बायो-ई3 नीति के अनुरूप आईसीजीईबी की अनुसंधान पहलों को भी प्रदर्शित किया गया। इनमें जैव आधारित रसायन एवं एंजाइम, जलवायु अनुकूल कृषि, कार्बन कैप्चर एवं उपयोग, सटीक जैव-चिकित्सीय उपचार तथा समुद्री एवं अंतरिक्ष जैव-विनिर्माण जैसे क्षेत्र शामिल हैं। प्रतिनिधिमंडल को सूक्ष्मजीव जैव-विनिर्माण के लिए भारत की पहली बायोफाउंड्री, इथेनॉल उत्पादन के लिए एंजाइम एवं यीस्ट प्रणालियों पर अनुसंधान, जैविक कार्बन कैप्चर, जीनोम-संपादित फसलों और संक्रामक रोगों के खिलाफ मोनोक्लोनल एंटीबॉडी विकसित करने से जुड़े कार्यों की जानकारी भी दी गयी।

मंत्रालय के अनुसार आईसीजीईबी एक अंतरराष्ट्रीय अंतर-सरकारी अनुसंधान संगठन है, जिसके ट्रिएस्टे, नयी दिल्ली और केप टाउन स्थित केंद्रों के माध्यम से वैश्विक स्तर पर अनुसंधान, उच्च शिक्षा, प्रशिक्षण और प्रौद्योगिकी हस्तांतरण को बढ़ावा दिया जाता है। यह संगठन एशिया और अफ्रीका के विकासशील देशों के साथ भी संयुक्त अनुसंधान एवं वैज्ञानिक प्रशिक्षण के क्षेत्र में सहयोग कर रहा है। डॉ. सिंह के इस दौरे ने स्वास्थ्य, कृषि, औद्योगिक प्रक्रियाओं और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में जैव प्रौद्योगिकी अनुसंधान को व्यावहारिक उपयोग में बदलने के लिए भारत-आईसीजीईबी साझेदारी के महत्व को रेखांकित किया।

 

 

Next Post

सरई में परिवहन विभाग का बड़ा एक्शन!

Mon Nov 16 , 2026
सिंगरौली। आज सरई में परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहनों पर शिकंजा कसा। जांच के दौरान एक ओवरलोड ऑटो रिक्शा और एक पिकअप वाहन में लगभग 40 लोग सवार पाए गए। यात्रियों की जान जोखिम में डालकर क्षमता से अधिक सवारियां ढोने […]

You May Like