दुकान की दीवार तोड़कर 3 लाख की चोरी, नकदी और इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स ले उड़े चोर

कटनी। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सब्जी मंडी में अज्ञात चोरों ने एक इलेक्ट्रॉनिक रिपेयरिंग दुकान को निशाना बनाकर करीब 3 लाख रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान की अंदरूनी दीवार तोड़कर अंदर घुसे और गल्ले में रखी 2 लाख रुपये की नकदी सहित कीमती इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स लेकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार बिलैया तलैया स्थित बजाज बैग हाउस के पास सब्जी मंडी की गली में शंकर इलेक्ट्रिकल्स नाम से एलईडी टीवी रिपेयरिंग की दुकान संचालित है। दुकान का संचालन शंकर यादव और उनके बेटे समीर यादव करते हैं। शनिवार शाम करीब 7:30 बजे दुकान बंद कर दोनों घर चले गए थे। रविवार को दुकान बंद रहने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे जब दुकान संचालक दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर दंग रह गए। दुकान की दीवार टूटी हुई थी और सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। जांच करने पर गल्ले में रखे करीब 2 लाख रुपये गायब मिले। इसके अलावा एलईडी टीवी की आईसी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स भी चोरी हुए हैं, जिनकी कीमत लगभग 80 से 90 हजार रुपये बताई गई है। कुल नुकसान करीब 3 लाख रुपये आंका गया है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। दिनदहाड़े सक्रिय चोरों द्वारा दुकान की दीवार तोड़कर वारदात को अंजाम देना शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रहा है।

Next Post

गोल्ड मेडल-डिग्री पाकर खिले चेहरे

Mon Nov 16 , 2026
ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह मल्टी आर्ट सभागार में आयोजित किया जा रहा है। समारोह की अध्यक्षता मध्य प्रदेश के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मंगुभाई पटेल कर रहे हैं। समारोह में शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 57 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। […]

You May Like