
ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह मल्टी आर्ट सभागार में आयोजित किया जा रहा है। समारोह की अध्यक्षता मध्य प्रदेश के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मंगुभाई पटेल कर रहे हैं। समारोह में शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 57 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं विभिन्न संकायों के कुल 384 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जा रही हैं। इनमें 224 शोधार्थियों को पीएचडी, 134 विद्यार्थियों को स्नातकोत्तर और 26 विद्यार्थियों को स्नातक की उपाधियां शामिल हैं। इस बार पीएचडी की उपाधि प्राप्त करने वाले शोधार्थियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। पिछले वर्ष 89 विद्यार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई थी, जबकि इस बार यह संख्या 224 हो गई है।
दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह हैं। समारोह में दीक्षांत भाषण सरदार पटेल पुलिस, सुरक्षा एवं दांडिक न्याय विश्वविद्यालय, जोधपुर के कुलगुरु डॉ. आलोक त्रिपाठी (आईपीएस) ने दिया। भारत सरकार के पूर्व उच्चायुक्त प्रो. आईएसएस चौहान सारस्वत अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर जीवाजी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत, कुलसचिव डॉ. राजीव मिश्रा, विभिन्न संकायों के डीन, कार्यपरिषद सदस्य और कोर्ट सदस्य भी मौजूद रहे। दीक्षांत समारोह में विभिन्न संकायों के शोधार्थियों को उनकी उपलब्धियों के लिए डॉक्टरेट की उपाधि प्रदान की गई। इनमें कला संकाय के सबसे अधिक 52 शोधार्थी शामिल हैं। इसके बाद सामाजिक विज्ञान संकाय के 46 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि दी जा रही है। शिक्षा संकाय के 31, प्रबंधन संकाय के 27, विधि संकाय के 15 और वाणिज्य संकाय के 13 शोधार्थियों को डॉक्टरेट की उपाधि प्रदान की गई। इसके अलावा विज्ञान सहित अन्य संकायों के शोधार्थियों को भी पीएचडी की उपाधि दी गई है। इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय में शोध और उच्च शिक्षा के प्रति बढ़ते रुझान का पता चलता है।
