जनजातीय गौरव दिवस बन गया है देश का गौरव और राष्ट्रीय उत्सव : मोदी

नयी दिल्ली, 15 नवंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर 2021 में शुरू किया गया जनजातीय गौरव दिवस रविवार राष्ट्रीय उत्सव का रूप ले चुका है और इस अवसर पर पूरा देश जनजातीय समाज के महान नायकों के संघर्ष, बलिदान और देश के लिए उनके योगदान को याद करता है।

श्री मोदी ने आज महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में जनजातीय गौरव दिवस पर आयोजित समारोह को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि उनकी सरकार जनजातीय समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने और उसके जीवन में बदलाव लाने के लगातार काम कर रही है। उनकी सरकार आवास, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जनजातीय समुदाय तक सुविधाएं पहुंचा रही हैं।
उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के प्रभाव से मुक्त हो रहे आदिवासी क्षेत्रों में भी अब विकास के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। उनका कहना था कि 15 नवंबर 2021 से जनजातीय गौरव दिवस की शुरुआत हुई थी और तब से भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर दो लाख से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें करोड़ों लोग शामिल हुए हैं। उनका कहना था कि इस दिन भारत अपने महान योद्धाओं को गौरव दिवस के रूप में याद करता है। श्री मोदी ने कहा कि नागपुर हो, संथाल हो या देश का कोई अन्य क्षेत्र, जनजातीय समाज ने हमेशा अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई और संघर्ष करते हुए बलिदान दिया है। इस संघर्ष में अनेक वीरों और वीरांगनाओं ने देश को प्रेरित किया है। रानी दुर्गावती जैसी वीरांगना ने जनजातीय समाज के संघर्ष को ऊर्जा दी, भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के कल्याण के लिए उनकी सरकार ने 170 से अधिक परियोजनाओं का

उद्घाटन और शिलान्यास किया है। मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश में जनजातीय कल्याण के लिए सुविधाओं का निर्माण किया गया है तथा जनजातीय उत्पादों की मार्केटिंग के लिए केंद्र बनाए गए हैं। देश के अलग-अलग राज्यों में करीब 30 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से करोड़ों जनजातीय लोगों को गरीबी से बाहर निकलने में मदद मिली है।
प्रधानमंत्री ने विश्व बैंक की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि भारत में करीब 50 करोड़ लोग भीषण गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने इसे देश की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक बताया और कहा कि इसका श्रेय किसी एक सरकार को नहीं दिया जा सकता, बल्कि यह समाज की सामूहिक शक्ति, देश के हर नागरिक के प्रयास और परिश्रम का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि पिछले दिनों केंद्र सरकार ने जनजातीय कल्याण के लिए जो फैसले लिए हैं उन सब योजनाओं की इस उपलब्धि में बड़ी भूमिका रही है। उन्होंने सभी देशवासियों, खासकर जनजातीय लोगों को बधाई देते हुए कहा कि करोडों लोगों का भीषण गरीबी से बाहर निकलना बहुत बड़ा परिवर्तन है। उन्होंने कहा कि संकल्प को सिद्ध करने का कान भारत कर सकता है, क्योंकि देशवासियों के भीतर आत्मविश्वास पैदा हुआ है। उनकी सरकार ने विकास से वंचित लोगों को प्राथमिकता दी और उन्हें विकास की राह पर लाकर विकास प्रक्रिया से जोड़ा है।
श्री मोदी ने कहा कि जिन आदिवासी क्षेत्रों में पहले विकास की प्रक्रिया नहीं थी, वहां पीएम जनमन योजना और जनजातीय ग्राम विकास योजना के जरिए एक लाख करोड़ रुपये से अधिक राशि के उपयोग से वंचितों को वरीयता देना उनकी प्राथमिकता रही है और इसी के तहत चार करोड़ से अधिक पक्के घर बनाए गए हैं। जहां बिजली नहीं पहुंची थी, वहां बिजली पहुंचाई गई तथा आयुष्मान योजना के तहत पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दी गई। आरोग्य मंदिरों के माध्यम से दूर- दराज के आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास हुआ है जिससे कई बीमारियों का खतरा कम हुआ है।
उन्होंने कहा कि मुद्रा योजना के माध्यम से ऋण की सुविधा देकर लाखों लोगों की मदद की गई ताकि गरीबों, दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों को लाभ मिल सके तथा उनके भीतर आगे बढ़ने का आत्मविश्वास पैदा हो। जो लोग लंबे समय तक विकास में पीछे रह गए थे, उन्हें आगे आने का अवसर दिया गया और उनकी विकास तथा सुविधाओं के लिए विशेष अभियान चलाए गए।
प्रधानमंत्री ने कहा कि अब पीएम कृषि धन-धान्य योजना के तहत पिछड़े जिलों पर ध्यान दिया जा रहा है और प्रयास है कि वहां के किसानों, गरीबों तथा जनजातीय परिवारों को नए अवसर मिलें। उन्होंने कहा कि यह सामूहिक प्रयास है और यही प्रयास ‘सबका साथ’ के मंत्र को आगे बढ़ाता है, जिसने गरीबों में नया आत्मविश्वास पैदा किया है।

श्री मोदी ने कहा कि नक्सलवाद ने सबसे ज्यादा नुकसान आदिवासियों को पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि 2014 में 125 जिले माओवाद से प्रभावित थे और हर वर्ष सैकड़ों घटनाएं होती थीं, जिनमें हजारों निर्दोष लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ती थी तथा इनमें बड़ी संख्या आदिवासी भाई-बहन होते थे। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारें माओवाद और नक्सलवाद प्रभावित लोगों को उनके भाग्य पर छोड़ देती थीं और उनके छोटे-छोटे बच्चों को माओवादी तथा नक्सलवादी छीनकर ले जाते थे लेकिन कोई कुछ नहीं बोलता था।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने इस दिशा में सख्त कदम उठाए और आज नक्सलवाद तथा माओवाद खत्म होने से पीड़ित माताएं खुद को सुरक्षित महसूस कर रही हैं तथा प्रभावित बच्चों को रोजगार और पढ़ाई के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में बस्तर जैसे इलाकों में नक्सली जो चाहते करते थे लेकिन इस बार उन्होंने वहां दिवाली मनाई। गढ़चिरौली जैसे आदिवासी इलाके में विकास की रोशनी पहुंची है और आदिवासी समाज अब देश की प्रगति में योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि आज देश की कमान एक आदिवासी बेटी के हाथ में है और विकसित भारत के लिए हमें अपनी पूरी ऊर्जा लगानी है।
श्री मोदी ने जनजातीय गौरव दिवस को पूरे देश का स्वाभिमान और गौरव बताते हुए आह्वान किया कि हर बार यह दिवस और प्रभावी तरीके से मनाया जाए तथा आदिवासी समाज के लिए आजादी के बाद जो काम नहीं हुआ है, उसे बहुत कम समय में पूरा करके दिखाया जाए। उन्होंने कहा कि आज जनजातीय गौरव दिवस देश की आन, बान और शान बन गया है।

आदिवासी गौरव दिवस के दौरान 246 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया तथा 19 नए आवासीय विद्यालयों का भी उद्घाटन और शिलान्यास हुआ। श्री मोदी ने सरकारी योजनाओं के कुछ आदिवासी लाभार्थियों से बातचीत की और पीएम जनमन योजना का लाभ मिलने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि विकास को देखकर उन्हें खुशी है कि उनकी योजनाएं जमीन पर उतर रही हैं और लोगों के लिए उपयोगी साबित हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि अंग्रेज बांस को पेड़ समझते थे और उसके बाद की सरकारों ने भी बांस, उसकी कला और आदिवासी समाज को नहीं समझा। उन्होंने बताया कि गुजरात के आदिवासी समुदाय के लिए बांस का इस्तेमाल करने के वास्ते उन्होंने कई आदिवासियों को पूर्वोत्तर भेजा तथा कई युवा बांस से सामान बनाने की कला सीखकर अब आर्थिक लाभ अर्जित कर रहे हैं।
समारोह को केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी संबोधित किया।

.....

Next Post

पानी की बोतल में छिपाकर ले जा रहा था एमडी ड्रग्स

Sun Nov 15 , 2026
भोपाल। अंतरराज्यीय बसों की चेकिंग के दौरान भोपाल पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी का बड़ा मामला पकड़ा है. पुलिस ने आइएसबीटी के पास दिल्ली से नागपुर जा रही यात्री बस में तलाशी के दौरान करीब 970 ग्राम एमडी (मेथामफेटामिन) ड्रग्स बरामद की है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब […]

You May Like