विजयवाड़ा/हैदराबाद, रामोजी ग्रुप के संस्थापक दिवंगत श्री रामोजी राव की 90वीं जयंती के पावन अवसर पर आज सोमवार को आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में ‘रामोजी एक्सीलेंस अवॉर्ड्स’ (Ramoji Excellence Awards) के दूसरे संस्करण का भव्य आयोजन किया जा रहा है। डॉ. बी.आर. अंबेडकर कलावेदिका में शाम 5:30 बजे से शुरू होने वाले इस गरिमामय समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले देश के 9 असाधारण ‘रियल हीरोज’ को सम्मानित करेंगे। इस अवसर पर आंध्र प्रदेश के राज्यपाल सैयद अब्दुल नजीर, मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
शिक्षा और चिकित्सा समेत कुल 9 श्रेणियों में दिए जाएंगे पुरस्कार, प्रत्येक विजेता को मिलेगा 10 लाख रुपये का नकद सम्मान
पिछले साल रामोजी फिल्म सिटी में सात विभूतियों को सम्मानित करने के बाद, इस वर्ष पुरस्कारों का दायरा बढ़ाकर 9 श्रेणियों तक कर दिया गया है। पत्रकारिता, ग्रामीण विकास, मानव सेवा, कला एवं संस्कृति, यूथ आइकन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा महिला अचीवर के साथ-साथ 2026 के इस संस्करण में ‘शिक्षा’ और ‘चिकित्सा एवं स्वास्थ्य’ की दो नई श्रेणियां भी जोड़ी गई हैं। देश भर से प्राप्त सैकड़ों नामांकनों की विशेषज्ञ पैनलों द्वारा गहन जांच और ‘ईनाडु’ व ‘ईटीवी भारत’ नेटवर्क के माध्यम से जमीनी स्तर पर पुष्टि के बाद इन 9 विशिष्ट व्यक्तियों का चयन किया गया है, जिनमें से प्रत्येक को स्मृति चिह्न, प्रशस्ति पत्र और 10 लाख रुपये की नकद राशि भेंट की जाएगी।
रामोजी राव के नैतिक मूल्यों और सेवा भावना को समर्पित है यह पहल, समाज के असली नायकों को मंच देना मुख्य उद्देश्य
रामोजी ग्रुप के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक (CMD) चेरुकुरी किरण के अनुसार, यह पुरस्कार श्री रामोजी राव की अमर भावना, दूरदर्शी सोच और निस्वार्थ सेवा के आदर्शों के प्रति एक विनम्र श्रद्धांजलि है। श्री रामोजी राव का हमेशा यह मानना था कि नैतिकता के बिना व्यवसाय खोखला है और समाज सेवा के बिना सफलता अधूरी है। उन्हीं के दिखाए मार्ग पर चलते हुए ‘रामोजी एक्सीलेंस अवॉर्ड्स’ के जरिए उन गुमनाम नायकों को राष्ट्रीय मंच प्रदान किया जा रहा है, जिन्होंने साहस, करुणा और अटूट समर्पण के साथ चुपचाप आम लोगों के जीवन में बड़ा और सार्थक बदलाव लाया है।

