सीधी: गोपालदास बांध पर छठ की छटा दिखी, सैकड़ों व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अघ्र्य दिया। नहाय-खाय और खरना के बाद मुख्य अनुष्ठान शुरू हुआ। रात भर आराधना चलेगी। घाट पर प्रशासनिक व्यवस्था चाक-चौबंद दिखी।लोक आस्था का महापर्व छठ श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ प्रारंभ हो गया। छठी मइया की आराधना को लेकर सीधी शहर के गोपालदास बांध में महिला श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। अस्ताचलगामी सूर्य को अघ्र्य देकर गोपालदास बांध में छठी मइया की आराधना शुरू की। डॉ.अनूप मिश्रा भी पत्नी डॉ.बीना मिश्रा के साथ शामिल रहे। व्रती महिलाओं ने पूरी आस्था और निष्ठा के साथ पर्व की तैयारियां की हैं। घाटों पर छठी मइया के जयकारों और पारंपरिक छठ गीतों से वातावरण भक्तिमय नजर आने लगा है। छठ महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। पर्व के पहले दिन नहाय-खाय के साथ व्रत की शुरुआत हुई। घरों में साफ-सफाई और शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। वहीं छठ पूजा में उपयोग होने वाली पूजन सामग्री, फल, सूप, दउरा और अन्य सामग्रियों की व्यवस्था भी की जा रही है।
गोपालदास बांध में छठ पूजा के लिए पहुंच रही महिलाओं की भीड़ से घाटों पर रौनक बढ़ गई है। व्रती महिलाएं छठी मइया से परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली और आरोग्य की कामना करेंगी। महापर्व के दूसरे दिन खरना, तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को अघ्र्य तथा चौथे दिन उदीयमान सूर्य को अघ्र्य देने के साथ व्रत का पारण किया जाएगा। शनिवार को खरना की पूजा के साथ ही ब्रती महिलाओं द्वारा 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरू कर दिया गया है। गोपालदास बांध में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ से शहर में छठ महापर्व की रौनक दिखाई देने लगी है।
रात भर चलती रही आराधना
आज अस्ताचलगामी सूर्य को अघ्र्य देने के बाद छठ महापर्व का अनुष्ठान प्रारंभ हो गया। व्रती महिलाएं परिवार के सदस्यों के साथ पारंपरिक दउरा और सूप में फल, फूल, ठेकुआ सहित अन्य पूजन सामग्री लेकर स्थानीय गोपालबांध में मौजूद हैं। व्रती महिलाएं रविवार रात भर जागरण कर छठी मइया की आराधना में लीन रहीं। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अघ्र्य, हवन और पूजा-अर्चना के बाद कच्चे दूध का शर्बत ग्रहण कर निर्जला व्रत का पारण किया जाएगा।
विधायक रीती पाठक ने की पूजा-अर्चना, गाया गीत
गोपालदास बांध में अपरान्ह सीधी विधायक रीती पाठक ने भी पहुंचकर व्रती महिलाओं के साथ पूजा-अर्चना की। इस दौरान छठ गीत कर व्रती महिलाओं का उत्साह बढ़ाते हुए बधाई दिया। गोपालदास बांध में घाट की साफ-सफाई, सजावट, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के सभी इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो इसके लिए नगर पालिका प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ जुटा हुआ है।
घरों की छतों पर आस्था के साथ मनाया गया छठ महापर्व
लोक आस्था का महापर्व छठ शहर और आसपास के क्षेत्रों में पूरे भक्तिभाव व पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने नदी व तालाब के घाटों के बजाय अपने घरों की छतों और आंगन में ही अस्थायी जलकुंड बनाकर भगवान भास्कर को अघ्र्य दिया।
