भैरूंदा। नर्मदा नदी से हो रहे अवैध रेत उत्खनन को रोकने एसडीएम सुधीर कुशवाह के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने चौरसाखेड़ी स्थित रेत खदान पर दबिश दी. नदी से रेत निकालने में लगी दो जेसीबी मशीनें मिलीं, जिन्हें प्रशासन ने जब्त कर लिया.
काफी समय से नर्मदा नदी के अलग-अलग घाटों पर जेसीबी, पोकलेन और पनडुब्बी मशीनों के माध्यम से रेत निकालने की शिकायतें सामने आ रही हैं. इसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और अन्य वाहनों से रेत का परिवहन किया जाता है. नदी में मशीनों के इस्तेमाल से रेत निकाले जाने को लेकर स्थानीय लोगों द्वारा भी कई बार चिंता जताई गई है. प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि नदी के अन्य घाटों पर भी जांच की जाएगी. स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध रेत उत्खनन की समस्या केवल चौरसाखेड़ी तक सीमित नहीं है. तहसील क्षेत्र के कई अन्य स्थानों पर भी इस तरह की गतिविधियां होने की शिकायतें मिलती रही हैं.
चौरसाखेड़ी में दो जेसीबी मशीनें जब्त होने के बाद अब नर्मदा नदी के डिमावर, अंबा और बडगांव क्षेत्र में भी कार्रवाई की मांग उठने लगी हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि इन क्षेत्रों में भी मशीनों के माध्यम से रेत निकालने की शिकायतें सामने आ रही हैं. कई स्थानों पर नदी के अंदर पनडुब्बी मशीनों का उपयोग किए जाने की बात भी कही जा रही है. रेत निकालने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और अन्य वाहनों से उसका परिवहन किया जाता है. प्रशासन यदि इन सभी स्थानों पर जांच करे तो अवैध उत्खनन पर रोक लगाई जा सकती है.
