नयी दिल्ली, 01 मार्च (वार्ता) दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने कहा है कि नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के लगातार प्रयास के अब अच्छे परिणाम दिखने लगे हैं और हम जल्द ही दिल्ली को फूलों का शहर बनाने में सफल होंगे।श्री सक्सेना ने शनिवार को यहां कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में एनडीएमसी द्वारा आयोजित दो दिवसीय पुष्प महोत्सव का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली को फूलों का शहर बनाना उनका सपना है और पिछले ढाई साल में कई एजेंसियों, खासकर एनडीएमसी द्वारा लगातार प्रयास किए गए, जिनके अब अच्छे परिणाम दिखने लगे हैं। उन्होंने कहा, ;मुझे विश्वास है कि हम जल्द ही दिल्ली को फूलों का शहर बनाने में सफल होंगे। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों की न केवल देश भर के लोगों ने बल्कि यहां तैनात राजदूतों और राजनयिकों ने भी प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि इस दो दिवसीय प्रदर्शनी के बाद यहां प्रदर्शित फूलों के गमलों और पुष्प कलाकृतियों को नई दिल्ली क्षेत्र के विभिन्न चौराहों, गोल चक्करों और सड़कों के किनारे रखा जाना चाहिए, ताकि वहां से गुजरने वाले लोग भी सौंदर्य का अनुभव कर सकें। उपराज्यपाल ने एनडीएमसी के मालियों की तारीफ करते हुए कहा कि एनडीएमसी की टीम बहुत मेहनती है और बागवानों के हाथों में जादू है। दिल्ली की अन्य हरियाली एजेंसियों को उनसे कुछ सीखना चाहिए। उन्होंने कहा, हम इस प्रयास को दोहराने के लिए दिल्ली के अन्य विभागों के साथ समन्वय करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने दिल्ली के लोगों से अपने घरों में फूल लगाने की भी अपील की।एनडीएमसी के अध्यक्ष केशव चंद्रा ने कहा कि दिल्ली के उपराज्यपाल श्री सक्सेना के मार्गदर्शन में एनडीएमसी नई दिल्ली को स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा शहर बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। दिल्ली को फूलों का शहर बनाने के सपने को साकार करने के लिए कौशल और विशेषज्ञता के साथ हर संभव प्रयास किया जाएगा और यह सपना जल्द से जल्द साकार होगा। श्री चंद्रा ने आश्वासन दिया कि हम नई दिल्ली को विश्व स्तरीय मानदंडों के अनुरूप एक सुंदर शहर बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि हम नई दिल्ली के उद्यानों जैसी फूलों की हरियाली और सुंदरता को नई दिल्ली की गलियों, चौराहों, गोल चक्करों और अन्य स्थानों पर फैलाने का प्रयास करेंगे, ताकि नई दिल्ली से गुजरने वाले हर व्यक्ति को हमारे शहर की सुंदरता का एहसास हो। उल्लेखनीय है कि पुष्प महोत्सव सभी के लिए खुला है और इसमें प्रवेश निःशुल्क है। एनडीएमसी पुष्प महोत्सव का दो दिन के लिए आयोजन कर रही है, जिसमें 10,000 से अधिक गमलों में 36 विभिन्न प्रकार के फूल लगाए गए है, जिन्हें 18 खंडों में प्रदर्शित किया गया है। एनडीएमसी पुष्प महोत्सव का मुख्य आकर्षण विभिन्न मौसमी फूलों के गमलों में लगे पौधों का समूह होगा, जैसे डहलिया, पेटुनिया, पैंसी, साल्विया, मैरी गोल्ड आदि।
एनडीएमसी के प्रयासों से दिल्ली फूलों का शहर बनने की ओर अग्रसर: सक्सेना
