ग्वालियर। धर्म और अध्यात्म की नगरी ग्वालियर में आगामी 30 नवंबर से भक्ति और श्रृद्धा का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। विधायक एवं जन उत्थान न्यास के अध्यक्ष डॉ. सतीश सिकरवार के नेतृत्व में जन उत्थान न्यास द्वारा ऐतिहासिक फूलबाग मैदान में 30 नवंबर से 6 दिसंबर तक सात दिवसीय भव्य श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। कथा में देश-विदेश में प्रसिद्ध कथावाचक अनिरुद्धाचार्य महाराज अपने श्रीमुख से श्रद्धालुओं को श्रीमद् भागवत कथा का अमृतपान कराएंगे। आज संत महात्माओं की मौजूदगी में फूलबाग मैदान में वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ भूमिपूजन पण्डित गिर्राज शरण शर्मा ने कराया।
कार्यक्रम में आयोजन की निर्विघ्न सफलता एवं अधिक से अधिक श्रद्धालुओं की सहभागिता की कामना की गई। विधायक डाॅ. सतीश सिकरवार ने संत महात्माओं का पुष्पहार पहनाकर स्वागत-सम्मान किया। इस कथा में 108 यजमान रहेंगे। उन्होंने संतजनों को भरोसा दिलाया कि जडे़रूआ सरकार की भावनाओं के अनुसार कथा का आयोजन हर वर्ष कराया जायेगा। कार्यक्रम का संचालन श्रीमद् भागवत कथा के सहयोगी महेश मुदगल ने एवं आभार पारीक्षित बेताल सिंह गुर्जर ने व्यक्त किया।
इस मौके पर दंदरौआ महाराज ने अपने आर्शीवाद वचन देते हुये कहा कि भागवत कथा का श्रवण करने से मन के अंदर की व्यथा समाप्त हो जाती है।
ढोली बुआ मठ के महाराज ने इस मौके पर कहा कि पुण्य अवसर है कि कथा कार्तिक माह में हो रही है और सभी संतों का आर्शीवाद प्राप्त है। जडेरूआ सरकार महाराज ने अपने उद्बोधन में कहा कि भागवत कथा महापुराण है, इस कथा को सुनने से मोक्ष की प्राप्ति होती है। कार्यक्रम में रमेश लाल महाराज ने अपना आर्शीवाद देते हुये कहा कि श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन होने जा रहा है, इसमें सभी को सहयोग करना चाहिए। जिससे कथा निर्वघ्न संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि कन्या विवाह का आयोजन हो या गरीबों की मदद करने का हो इसमें बढ़-चढ़कर सतीश सिकरवार सहयोग करते हैं। संत कृपाल सिंह महाराज ने इस मौके पर कहा कि ईश्वर को प्राप्त करने के लिये साधना जरूरी है, चाहे वो अध्यात्म हो या शिक्षा हो। गौशाला के महाराज ऋषभ दास ने कहा कि कथा सुनने से मन की व्यथा दूर होती है। साथ ही संत श्री शीतल दास महाराज ने कहा कि गालव ऋषि की नगरी में भागवत कथा का आयोजन होना, मथुरा-वृदांवन की नगरी जैसा है।
