मासूम बच्चियों के साथ घटित घटनाओं को रोकने के लिए आप ने क्या किया: सचदेवा

नयी दिल्ली 08 जून (वार्ता) दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने नेहरू विहार में मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी (आप) पर रविवार को हमला बोला और कहा कि आप के नेता बताएं कि मासूम बच्चियों के साथ घटित होने वाली घटनाओं को रोकने के लिए अपने शासनकाल में क्या किया।

दिल्ली पूर्व मुख्यंत्री एवं आप नेता आतिशी ने इस मामले को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, “दिल्ली में नौ साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के लिए कौन जिम्मेदार है? बिगड़ती हुई कानून व्यवस्था के लिए कौन जिम्मेदार है? भाजपा की चार इंजन की सरकार है, फिर भी हमारी बेटियां सुरक्षित नहीं हैं? कहां हैं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता? कहां हैं देश के गृह मंत्री अमित शाह?”

आप के सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री सचदेवा ने कहा कि लगभग 13 साल पहले आप ने निर्भया की हत्या पर भी राजनीति की थी और आज तक आप के नेता जब जब मासूम बच्चियों के साथ इस तरह की घटनाएं घटित होती है, तो राजनीतिक बयानबाज़ी करने लगते हैं।

उन्होंने कहा कि निस्संदेह मासूमों से घिनौने अपराध निंदनीय हैं और इस तरह की घटनाएं घटित नहीं होनी चाहिए, लेकिन इन अपराधों को केवल कानून व्यवस्था की समस्या बताना राजनीतिक धूर्तता है क्योंकि इस तरह के अपराध करने वाले लोग अपराधी प्रवृति के साथ ही विकृत मानसिकता के शिकार होते हैं।

दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष ने कहा कि पुलिस ने अधिकांश ऐसे अपराधों में सख्त कार्यवाई की है और पुलिस द्वारा नेहरू विहार के मामले में संलिप्त अपराधियों की तुरंत गिरफ्तारी आवश्यक है। इसके साथ ही समाज में ऐसे अपराधियों के विरूद्ध जनजागरण चलाने और ऐसे अपराधों के प्रति भय उत्पन्न करने के लिए समाजिक अभियान चलाने की जरूरत है।

उन्होंने कहा “नेहरू विहार में एक अल्पसंख्यक समाज की बच्ची के साथ हुए वीभत्स अपराध से हम सब क्षुब्ध हैं। उन्होंने कहा कि आश्चर्य की बात यह है इस मामले में आरोपी भी अल्पसंख्यक समाज का है और पड़ोस में रहता है। दिल्ली पुलिस ने उसे चिह्नित किया है और शीघ्र गिरफ्तार कर लेगी, लेकिन दिल्ली की जनता इस संदर्भ में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और श्रीमती आतिशी से एक सवाल पूछना चाहती है।

उन्होंने कहा कि यहां पर बालिकाओं या महिलाओं के साथ हर साल एक दो वीभत्स अपराध सामने आते हैं, पुलिस उनके अपराधियों को गिरफ्तार कर सज़ा भी दिलवाती है, लेकिन श्री केजरीवाल और श्री आतिशी बतायें कि उनकी सरकारों ने गत 11 साल में महिलाओं के प्रति अपराध रोकने के लिए कभी कोई समाजिक चेतना जागृत करने का अभियान क्यों नहीं चलाया?

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार में दिल्ली महिला आयोग हो या बाल आयोग सबके मुखिया कश्मीर से कन्याकुमारी तक के मुद्दों पर ब्यानबाज़ी करते थे, लेकिन एक बार भी बच्चियों एवं महिलाओं के प्रति समाज के एक विकृत वर्ग की अपराधिक सोच को बदलने के लिए कोई ठोस अभियान नहीं चलाया।

उल्लेखनीय है कि पूर्वोत्तर दिल्ली के नेहरू विहार में शनिवार को एक नाबालिग बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी थी । पुलिस को शुरुआती मेडिकल जांच के आधार पर यौन उत्पीड़न का संदेह है। बच्चे के पिता को एक फ्लैट से सूटकेस में बंद खून से लथपथ शव मिला था।

 

 

Next Post

यादव बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर आयोजित कोल जनजातीय सम्मेलन में होंगे शामिल

Sun Jun 8 , 2025
भोपाल, 08 जून (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव शहडोल जिले के ब्यौहारी में भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित कोल जनजातीय सम्मेलन में शामिल होंगे। इस अवसर पर डॉ यादव 80 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 55 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 250 करोड़ […]

You May Like