पानी की समस्या वाले क्षेत्रों में जल आपूर्ति सुधारने की कवायद शुरू

इंदौर: पिछली गर्मी में शहर में गहराए जल संकट और दूषित पानी की समस्या ने नगर निगम की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े किए थे. अब आगामी गर्मी से पहले प्रभावित क्षेत्रों में जल आपूर्ति सुधारने की कवायद शुरू हो गई है.पिछली गर्मी में शहर के कई वार्डों में पानी की किल्लत और दूषित जलापूर्ति से रहवासी परेशान होते रहे. जल संकट की इस गंभीर स्थिति को नवभारत ने लगातार प्रमुखता से उठाते हुए नगर निगम के आला अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया था. इसके बाद विभिन्न क्षेत्रों में जल आपूर्ति व्यवस्था सुधारने के लिए अधिकारियों की सक्रियता बढ़ी.

इसी कड़ी में वार्ड क्रमांक 2 के चंदन नगर क्षेत्र में अब नर्मदा जलापूर्ति के लिए नई लाइन बिछाने का काम तेजी से किया जा रहा है. गौरतलब है कि चंदन नगर में वर्षों पुरानी नर्मदा लाइन जगह-जगह से लीकेज हो चुकी थी, इसके चलते घरों तक दूषित पानी पहुंचने के साथ कम मात्रा और कम प्रेशर से जलापूर्ति हो रही थी. रहवासियों की इस समस्या को लेकर समय-समय पर नवभारत द्वारा खबरें प्रकाशित की गईं. उधर क्षेत्रीय पार्षद द्वारा भी बजट स्वीकृति के प्रयास किए जा रहे थे. वर्तमान स्थिति में क्षेत्र की कई गलियों में लाइन डालने का काम पूरा हो चुका है, जबकि कुछ स्थानों पर कार्य जारी है. नर्मदा नई लाइन डालने से क्षेत्रवासियों में उम्मीद जगी है कि आगामी गर्मी में उन्हें पानी की समस्या से राहत मिल सकेगी.

यह बोले रहवासी…

पिछले 7-8 वर्षों से क्षेत्र में पानी की समस्या लगातार बनी हुई थी, हर रोज हम लोग पानी के लिए मशक्कत करते थे. नई लाइन डालने से हमें राहत मिली है.
– मोहम्मद एजाज

पहले तो पानी भी कम आता था. सरकारी टैंकर का पीछा करना पड़ता था या फिर इधर-उधर भटककर पानी का जुगाड़ करना पड़ता था. अब लोगों को घरों तक साफ और पूरा पानी मिल रहा है.
– राशिदा बी

लाइन पुरानी हो चुकी थी. जगह-जगह से लीकेज हो गई थी. नई लाइन डलने से अब लोगों को एक घंटे पानी मिल रहा है और वह भी साफ.
– मोहम्मद अबरार

पार्षद ने कहा…

अमृत योजना के तहत वार्ड में लाइन डाली गई है. नई लाइन के साथ हमारी टीम निगरानी भी रख रही है. अगर कहीं पर दूषित पानी या कम प्रेशर की शिकायत आती है तो तत्काल हम समस्या का निपटारा करवाते हैं.
– फातिमा खान, पार्षद

Next Post

फूलबाग मैदान पर भागवत कथा का भूमिपूजन, अनिरुद्धाचार्य करायेंगे कथा का अमृतपान

Mon Nov 16 , 2026
ग्वालियर। धर्म और अध्यात्म की नगरी ग्वालियर में आगामी 30 नवंबर से भक्ति और श्रृद्धा का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। विधायक एवं जन उत्थान न्यास के अध्यक्ष डॉ. सतीश सिकरवार के नेतृत्व में जन उत्थान न्यास द्वारा ऐतिहासिक फूलबाग मैदान में 30 नवंबर से 6 दिसंबर तक सात दिवसीय […]

You May Like