
बालाघाट, लामटा परियोजना मंडल के अंतर्गत परियोजना परिक्षेत्र वारासिवनी की सीतापठौर बीट के कक्ष क्रमांक 557A स्थित रेलवे के अधिकृत क्षेत्र में 15 नवंबर को एक बाघ मृत अवस्था में पाया गया। प्रारंभिक जांच में बाघ की मौत रेलवे ट्रैक से ट्रेन गुजरने के दौरान उसकी टक्कर लगने से होना प्रतीत हो रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग द्वारा राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए), नई दिल्ली तथा मध्यप्रदेश के मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक कार्यालय भोपाल से जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप तत्काल कार्रवाई करते हुए घटनास्थल को सुरक्षित किया गया।
15 नवंबर को विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मृत बाघ का परीक्षण एवं पोस्टमार्टम किया। इसमें डॉ. अखिलेश मिश्रा, वन्यप्राणी विशेषज्ञ, पेंच टाइगर रिजर्व सिवनी तथा डॉ. दिग्विजय सिंह गौर, पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ तिरोड़ी शामिल रहे। पोस्टमार्टम के बाद मृत बाघ के विभिन्न अंगों एवं अवशेषों को फॉरेंसिक जांच के लिए नियमानुसार सीलबंद किया गया।
इसके पश्चात मुख्य वन संरक्षक बालाघाट गौरव चौधरी, वनमंडलाधिकारी दक्षिण सामान्य वनमंडल बालाघाट नित्यानंद एल., लामटा परियोजना मंडल के संभागीय प्रबंधक सुंदर निवेदन एम., तहसीलदार तिरोड़ी गीता राहंगडाले, एनटीसीए क्षेत्रीय कार्यालय नागपुर के प्रतिनिधि अनिल दशहरे, वाइल्ड लाइफ विशेषज्ञ कटंगी फूलचंद शिव, ग्राम पंचायत पौनिया के सरपंच लक्ष्मण भलावी, उप संभागीय प्रबंधक देवेश खराड़ी सहित अन्य वन अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में मृत बाघ के शव के भस्मीकरण की कार्रवाई की गई।
वन विभाग द्वारा बताया गया कि घटनास्थल पर डॉग स्क्वॉड की सहायता से सर्चिंग भी कराई गई। पोस्टमार्टम, शव के भस्मीकरण सहित संपूर्ण कार्रवाई की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कराई गई है, ताकि घटना से संबंधित सभी प्रक्रियाओं का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सके।
इस मामले में वन अपराध प्रकरण क्रमांक 427/08, दिनांक 15 नवंबर 2026 को दर्ज किया गया है। वन विभाग द्वारा बाघ की मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच एवं विवेचना की जा रही है।
