चलती चार्टर्ड बस में लगी आग, बाइक से पीछा कर रुकवाया; नगर रक्षा समिति के सदस्यों ने बुझाई

देवास। रसूलपुर बायपास चौराहे के समीप उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब इंदौर से भोपाल जा रही एक चलती चार्टर्ड बस के पिछले हिस्से में अचानक आग लग गई। मौके पर ड्यूटी कर रहे नगर रक्षा समिति के सदस्यों की नजर बस से उठते धुएं और आग की लपटों पर पड़ी। उन्होंने तत्काल बाइक से बस का पीछा किया और उसे रुकवाया। इसके बाद बस में रखे अग्निशमन यंत्र की मदद से आग बुझाकर उसे फैलने से रोक दिया। उनकी तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।

नगर रक्षा समिति के सदस्य चेतन गुर्जर ने बताया कि वे अपने साथी योगेंद्र माहेश्वरी के साथ रसूलपुर में ड्यूटी पर थे। इसी दौरान इंदौर की ओर से आ रही बस के पिछले हिस्से में आग और धुआं दिखाई दिया। उन्होंने तत्काल बाइक से पीछा कर बस को रुकवाया और अग्निशमन यंत्र से आग बुझाई। बताया जा रहा है कि बस इंदौर में मेंटेनेंस कराने के बाद भोपाल जा रही थी। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। बस में सवारी नहीं थी।

Next Post

ट्रामा सेंटर में गर्भवती महिला को नहीं मिला इलाज

Sun Nov 15 , 2026
सिंगरौली । जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेंटर बैढ़न की स्वास्थ्य व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। यहां इलाज की उम्मीद लेकर पहुंचने वाले गरीब मरीजों को किस तरह परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, इसका एक मामला चितरंगी तहसील के ग्राम पंचायत धरौली से सामने आया […]

You May Like