ट्रामा सेंटर में गर्भवती महिला को नहीं मिला इलाज

सिंगरौली । जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेंटर बैढ़न की स्वास्थ्य व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। यहां इलाज की उम्मीद लेकर पहुंचने वाले गरीब मरीजों को किस तरह परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, इसका एक मामला चितरंगी तहसील के ग्राम पंचायत धरौली से सामने आया है। गर्भवती महिला रेखा कोल पिता शिवराज कोल को परिजन प्रसव पीड़ा और गंभीर स्वास्थ्य संबंधी आशंका के बीच बीती रात जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि अस्पताल में पर्ची कटवाने और प्रसव वार्ड तक पहुंचने के बाद भी महिला को समुचित उपचार नहीं मिला।

परिजनों के मुताबिक महिला को लेकर जब वे प्रसव वार्ड पहुंचे तो वहां मौजूद स्टाफ नर्स ने यह कहते हुए वापस जाने को कहा कि अभी प्रसव पीड़ा नहीं हो रही है। महिला के पिता शिवराज कोल ने बताया कि वे पहले उत्तर प्रदेश के घोरावल में अल्ट्रासाउंड करा चुके थे। वहां चिकित्सक ने जांच के दौरान गर्भ में ही बच्चे की मौत होने की आशंका जताई थी। इसी गंभीर स्थिति को देखते हुए वे अपनी बेटी को बेहतर उपचार की उम्मीद में जिला चिकित्सालय बैढ़न लेकर पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि घोरावल में हुई जांच की जानकारी देने के बावजूद जिला अस्पताल के चिकित्सकों और प्रसव वार्ड के कर्मचारियों ने उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया। उन्हें अस्पताल में अल्ट्रासाउंड कराने और तत्काल चिकित्सकीय जांच की सुविधा देने के बजाय बाहर से अल्ट्रासाउंड कराकर रिपोर्ट लाने की मौखिक सलाह दी गई।

रात भर चक्कर काटते रहे पीड़िता के परिजन

आरोप है कि स्वास्थ्य कर्मियों ने स्पष्ट कहा कि जांच रिपोर्ट देखने के बाद ही भर्ती करने और उपचार करने के संबंध में निर्णय लिया जाएगा। इस दौरान सबसे चिंताजनक स्थिति तब बनी, जब गर्भवती महिला को रात में अस्पताल से बाहर कर दिया गया। परिजनों का कहना है कि पूरी रात महिला अस्पताल परिसर में जमीन पर लेटी रही। एक तरफ गर्भ में बच्चे की मौत की आशंका और दूसरी तरफ अस्पताल में भर्ती एवं उपचार को लेकर असमंजस ने गरीब परिवार की मुश्किलें बढ़ा दीं। परिजन रातभर डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों के चक्कर काटते रहे, लेकिन उन्हें अपेक्षित चिकित्सा सहायता नहीं मिल सकी।

००००

इनका कहना है

इसकी जानकारी सिविल सर्जन को बताया जाए। उनके द्वारा व्यवस्था कराई जाएगी।

डॉ. पुष्पराज सिंह ठाकुर

सीएमएचओ, सिंगरौली

००००००

Next Post

हर वर्ग तक पहुंचेगा न्याय: डीजे

Sun Nov 15 , 2026
सिंगरौली । आम नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने, जरूरतमंदों तक नि:शुल्क विधिक सहायता पहुंचाने के उद्देश्य से 14 से 20 नवंबर तक न्यायोत्सव विधि सेवा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। बीते शनिवार को न्यायोत्सव का शुभारंभ बाल दिवस समारोह एवं कानूनी जागरूकता कार्यक्रम के […]

You May Like