
सिंगरौली । आम नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने, जरूरतमंदों तक नि:शुल्क विधिक सहायता पहुंचाने के उद्देश्य से 14 से 20 नवंबर तक न्यायोत्सव विधि सेवा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है।
बीते शनिवार को न्यायोत्सव का शुभारंभ बाल दिवस समारोह एवं कानूनी जागरूकता कार्यक्रम के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य न्यायाधीश अतुल खंडेलवाल सहित अन्य न्यायाधीश, और अधिवक्ता मौजूद रहे। सप्ताहभर चलने वाले इस अभियान के माध्यम से बच्चों, विद्यार्थियों, कैदियों, दिव्यांगजनों, ग्रामीणों, श्रमिकों और समाज के कमजोर वर्गों को कानून की जानकारी देने के साथ न्याय तक उनकी पहुंच आसान बनाने का प्रयास किया जाएगा। पहले दिन बच्चों को बाल अधिकार, बाल संरक्षण, किशोर न्याय अधिनियम, पॉक्सो एक्ट, साइबर सुरक्षा और बाल शोषण की रोकथाम के संबंध में जागरूक किया गया। बच्चों की सहभागिता बढ़ाने के लिए चित्रकला, निबंध, प्रश्नोत्तरी, पोस्टर, नारा लेखन और सांस्कृतिक गतिविधियां भी आयोजित की गईं। चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और नि:शुल्क कानूनी सहायता की जानकारी दी गई।
श्रमिक क्षेत्रों में चलाया जाएगा जागरूकता अभियान
17 नवंबर को विद्यालयों और महाविद्यालयों में कानूनी साक्षरता कार्यक्रम होंगे। इनमें शिक्षा का अधिकार, पॉक्सो एक्ट, बाल श्रम, साइबर अपराध, सड़क सुरक्षा और सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग जैसे विषयों पर जानकारी दी जाएगी। दिव्यांगजनों के लिए भी विशेष शिविर लगाकर उनके अधिकारों, कल्याणकारी योजनाओं और नि:शुल्क कानूनी सहायता के बारे में बताया जाएगा। वहीं 19 नवंबर को ग्रामीण और श्रमिक क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। घरेलू हिंसा, यौन उत्पीड़न, संपत्ति अधिकार, साइबर सुरक्षा और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ आधार, राशन कार्ड, पेंशन, आयुष्मान कार्ड और मतदाता पहचान पत्र संबंधी सेवाओं में सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इधर 20 नवंबर को समापन अवसर पर सक्रिय प्रतिभागियों और स्वयंसेवकों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
