
भोपाल। रसोई गैस की कमी और एलपीजी सिलेंडरों की अनुपलब्धता के बीच कांग्रेस नेता एवं गोविंदपुरा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी रविंद्र साहू झुमरवाला ने आज बरखेड़ा पठानी चौराहे पर स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों को कोयला वितरित किया।
छोटे होटल संचालकों, चाय दुकानदारों और आम परिवारों की समस्याओं को उठाते हुए साहू ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और प्रदेश की मोहन यादव सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि लोग रसोई गैस जैसी मूलभूत आवश्यकता के लिए भटक रहे हैं, जबकि सरकार इस गंभीर समस्या पर मौन है।
साहू ने कहा कि एलपीजी सिलेंडर नहीं मिलने के कारण लोग मजबूरी में फिर से कोयला और लकड़ी जैसे पारंपरिक ईंधनों का उपयोग करने को विवश हैं। उन्होंने बताया कि कोयला वितरण का उद्देश्य जमीनी हकीकत को उजागर करना है।
उन्होंने गैस आपूर्ति तत्काल बहाल करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि स्थिति में शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी आम जनता और व्यापारियों के साथ मिलकर बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी।
