
इंदौर। छोटी ग्वालटोली पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अपहरण के एक मामले का चंद घंटों में खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों ने बस में सवारी बैठाने के विवाद में युवक को जबरन कार में बैठाकर ले गए थे. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कार भी जब्त की है.
घटना सोमवार 4 अप्रैल को दोपहर करीब 1 बजे आकाश सिलावट निवासी लुनियापुरा के अपहरण की सूचना मिली थी. वह बसों में सवारी बैठाने का काम करता है. जांच में सामने आया कि विनय सोनकर और उसके साथियों ने विवाद के चलते उसे जबरन कार में बैठाकर ले गए. मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना छोटी ग्वालटोली में प्रकरण दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई. टीम ने होटल, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित संभावित ठिकानों पर तलाश शुरू की और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. फुटेज में आरोपी युवक को जबरन ले जाते दिखाई दिए. तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को ट्रेस कर दबोच लिया. गिरफ्तार आरोपियों में विनय पिता कल्लू वर्मा निवासी भोलाराम उस्ताद मार्ग, सनी उर्फ मनप्रीत निवासी ब्रह्मपुरी कॉलोनी और निखिल परमार निवासी पिपलिया राव शामिल हैं. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयोग सफेद कार एमपी 09 जेडटी 1869 जब्त कर ली है. आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.
