नीमच जिले में पुलिस का रातभर कॉम्बिंग गश्त अभियान, 100 वारंट तामील

नीमच। जिले में अपराधियों की धरपकड़, फरार वारंटियों की गिरफ्तारी और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए नीमच पुलिस ने 14 और 15 नवंबर की दरमियानी रात जिलेभर में एक साथ विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के नेतृत्व में रातभर चली इस कार्रवाई में 100 वारंट तामील किए गए। पुलिस ने 400 से अधिक वाहनों की जांच कर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 108 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की तथा 43 हजार 500 रुपए समन शुल्क वसूला।

अभियान के दौरान एसपी राजेश व्यास स्वयं शहर के प्रमुख चौराहों और वाहन जांच स्थलों पर मौजूद रहे। उन्होंने पुलिस टीमों की कार्रवाई का निरीक्षण किया और अधिकारियों-कर्मचारियों को संदिग्ध वाहनों, ब्लैक फिल्म लगे वाहनों तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। जांच के दौरान 30 से अधिक वाहनों से मौके पर ही ब्लैक फिल्म हटवाई गई।

पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई की गई। इसमें राजपत्रित पुलिस अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों सहित भारी पुलिस बल ने भाग लिया। अभियान का उद्देश्य फरार आरोपियों और वारंटियों की धरपकड़ के साथ आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर निगरानी रखना तथा आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना था।

36 स्थायी और 62 गिरफ्तारी वारंट तामील

अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 100 वारंट तामील कराए। इनमें 36 स्थायी वारंट, 2 फरारी वारंट और 62 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। तामील किए गए वारंटों में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े 4, शरीर संबंधी अपराधों के 14 तथा संपत्ति संबंधी अपराधों के 22 वारंट शामिल रहे। फरार आरोपियों और वारंटियों की तलाश के लिए विशेष पुलिस दल गठित किए गए थे।

80 निगरानी बदमाशों की जांच, 73 पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस ने जिले के 80 सक्रिय निगरानी बदमाशों और गुंडा-बदमाशों की औचक जांच की। उनके वर्तमान निवास, उपस्थिति और आजीविका के स्रोतों की जानकारी जुटाई गई। इसके अलावा संभावित विवादों और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से 73 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान एक जिला बदर व्यक्ति की भी जांच की गई।

54 होटल, लॉज और ढाबों की जांच

पुलिस टीमों ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए जिले के 54 होटल, लॉज और ढाबों की औचक जांच की। संचालकों को निर्देश दिए गए कि प्रतिष्ठानों में आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों और किसी भी असामान्य गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। इसके साथ ही सार्वजनिक एवं संवेदनशील स्थलों, एटीएम और अन्य प्रमुख स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया।

शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी कार्रवाई

जिले के 12 चिन्हित स्थानों पर विशेष वाहन जांच केंद्र बनाकर 400 से अधिक वाहनों की जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 108 वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई कर 43 हजार 500 रुपए समन शुल्क वसूला गया। शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने कहा कि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। फरार आरोपियों, वारंटियों, आदतन अपराधियों और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने रात्रि गश्त, वाहन जांच और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

Next Post

भारत की सभ्यता और संस्कृति में छोटे परिवार व कम बच्चों की अवधारणा नहीं - सांसद गुप्ता

Sun Nov 15 , 2026
मंदसौर। भारत की सभ्यता और संस्कृति के मूल में हमारा सनातन है। विविधताओं से ओतप्रोत हमारी सभ्यता का संघर्ष संस्कृति की सुगन्ध को विस्तारित करता है। परिवार व्यवस्था और रिश्तो का ताना-बाना भी हमारी संस्कृति का ही अहम हिस्सा है जिसके माध्यम से सामाजिक व्यवस्थाओं का भी निर्धारण होता है। […]

You May Like