जबलपुर: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 की तैयारियाँ शुरू हो गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देशन में जिले के सभी विधानसभा स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स (एएलएमटी) को प्रशिक्षण दिया गया। राज्यस्तरीय मास्टर ट्रेनर डॉ. नितिन सक्सेना और डॉ. रश्मि झरिया ने प्रशिक्षण देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश साझा किए।
एएलएमटी अब विधानसभा स्तर पर बीएलओ और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण देंगे। पुनरीक्षण के तहत 4 नवम्बर से 4 दिसम्बर 2025 तक घर-घर जाकर गणना प्रपत्र भरे जाएंगे। प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 9 दिसम्बर को होगा, दावे एवं आपत्तियाँ 8 जनवरी 2026 तक ली जाएंगी तथा अंतिम प्रकाशन 7 फरवरी 2026 को किया जाएगा। कलेक्टर ने राजनीतिक दलों से अपने बीएलए नियुक्त करने और नागरिकों से अपने नामों की सत्यापन हेतु निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर जानकारी जांचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह मतदाता सूची को अधिक सटीक और पारदर्शी बनाने का महत्वपूर्ण अवसर है।
