भोपाल। कमला नगर इलाके में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला पत्रकार सपना की जान चली गई। घटना सुबह करीब 8 बजे भदभदा चौराहे की है, जहां नो एंट्री में घुसे एक डंपर ने सड़क पर गिरी महिला को कुचल दिया। सपना एक निजी न्यूज चैनल में आउटपुट विभाग में काम करती थीं और रैपिडो बाइक बुक कर ऑफिस जा रही थीं। वह मूल रूप से बिहार की रहने वाली थीं।
जानकारी के मुताबिक, रैपिडो चालक बाइक से सपना को लेकर जा रहा था। इसी दौरान एक अन्य बाइक सवार ने रैपिडो चालक को कट मार दिया, जिससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और सपना सड़क पर गिर गईं। तभी पीछे से आ रहे डंपर का पहिया उनके सिर पर चढ़ गया। हादसे में सपना की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद कमला नगर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस डंपर चालक और रैपिडो बाइक को कट मारने वाले अज्ञात बाइक सवार की तलाश कर रही है। नो एंट्री में डंपर के प्रवेश और हादसे की परिस्थितियों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
