ऋषिकेश, 15 नवंबर (वार्ता) देवभूमि उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपरा और पहाड़ी अस्मिता का रंग अब ऋषिकेश में भी खूब चटखने वाला है। ईगास बग्वाल के पावन उल्लास के बीच 17 नवंबर को हरिद्वार रोड स्थित आशीर्वाद वाटिका में गढ़ सेवा संस्थान की ओर से भव्य गढ़ रक्षक महोत्सव आयोजित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की गरिमामयी मौजूदगी इस आयोजन की शोभा बढ़ाएगी। शाम पांच बजे से शुरू होने वाले इस महोत्सव में पहाड़ की संस्कृति, लोक संगीत, परंपरा और सामाजिक सरोकारों का शानदार संगम देखने को मिलेगा। कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के दायित्वधारी राज्यमंत्री वीरेंद्र दत्त सेमवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। कार्यक्रम का संचालन आरजे काव्या करेंगी।
महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण प्रसिद्ध पंडवाज बैंड का लाइव कॉन्सर्ट होगा। अपनी अनूठी संगीत शैली, पहाड़ी लोकगीतों और पारंपरिक धुनों के लिए पहचान रखने वाला पंडवाज बैंड अपनी प्रस्तुतियों से पूरे माहौल को पहाड़ी रंग में रंगेगा। लोकगीतों की गूंज, ईगास के पारंपरिक उल्लास और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच आयोजन को यादगार बनाने की तैयारी है।
महोत्सव में मनोरंजन के साथ आकर्षक पुरस्कारों की भी सौगात मिलेगी। लकी ड्रॉ के माध्यम से 12 भाग्यशाली विजेताओं को 12 पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रथम पुरस्कार के रूप में एक्टिवा स्कूटी, द्वितीय पुरस्कार मोबाइल फोन और तृतीय पुरस्कार साइकिल दी जाएगी। इसके अलावा नौ अन्य आकर्षक पुरस्कार भी विजेताओं को मिलेंगे।
रविवार को गढ़ सेवा संस्थान के अध्यक्ष रविंद्र राणा ने कहा कि ईगास बग्वाल उत्तराखंड की लोक पहचान, सांस्कृतिक विरासत और सामूहिक एकता का प्रतीक पर्व है। इसका उद्देश्य केवल उत्सव मनाना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना भी है। उन्होंने कहा कि संस्थान लोक संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ समाजसेवा के क्षेत्र में भी निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम में उत्तराखंड के उत्कृष्ट शिल्पकारों और समाजसेवियों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। गढ़ रक्षक महोत्सव के माध्यम से उन प्रतिभाओं को मंच देने का प्रयास किया जा रहा है, जो अपनी कला, संस्कृति और सामाजिक सेवाओं से देवभूमि की पहचान को मजबूत कर रहे हैं।
ईगास की पारंपरिक खुशियों, पहाड़ी गीतों की मधुर धुनों और सम्मान समारोह के बीच ऋषिकेश में यह आयोजन उत्तराखंड की लोक विरासत और सांस्कृतिक गौरव का भव्य उत्सव बनने जा रहा है। इस दौरान देवेंद्र नेगी,मनोज ध्यानी, सुमित पंवार, ताजेंद्र सिंह नेगी, विजय रावत, कौशल बिजलवान, अरुण बडोनी, देवेंद्र नेगी, भगवती प्रसाद रतूड़ी सहित अन्य उपस्थित रहे।

