नई दिल्ली, 15 नवंबर (वार्ता) नयी प्रौद्योगिकी आधारित निजी क्षेत्र की विद्युत वितरण कंपनी इलेवन पावर ने हरियाणा के नूंह और गुरुग्राम में स्वतंत्र बिजली वितरण नेटवर्क स्थापित करने की योजना बनाई है। कंपनी ने रविवार को एक विज्ञप्ति में कहा कि वह पांच वर्षों में 4,716.73 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। यह नेटवर्क घरेलू, व्यावसायिक, औद्योगिक तथा कृषि उपभोक्ताओं की बढ़ती बिजली जरूरतों को पूरा करेगा। प्रस्तावित नेटवर्क मौजूदा बिजली वितरण कंपनी दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के साथ समानांतर वितरण व्यवस्था का परिचालन करेगा।
इस व्यवस्था में उपभोक्ताओं को भी अपने बिजली वितरक का चयन करने का विकल्प मिलेगा। हालांकि, यह विकल्प संबंधित नियामकीय प्रक्रिया और उनके क्षेत्र में वितरण नेटवर्क की उपलब्धता के अधीन होगा। इसमें बिजली की दरें पहले की तरह हरियाणा विद्युत नियामक आयोग द्वारा निर्धारित नियामकीय ढांचे के अनुसार तय की जाती रहेंगी।
इलेवन ग्रुप के चेयरमैन सुनील सचदेवा ने अपने पेशेवर करियर की शुरुआत 1980 के दशक के मध्य में बिजली पारेषण और वितरण क्षेत्र से की थी। इलेवन पावर के एक प्रवक्ता ने कहा, “नूंह और गुरुग्राम में सभी श्रेणियों के उपभोक्ताओं की बिजली जरूरतें लगातार बढ़ रही हैं। हमारा प्रस्तावित निवेश इन जरूरतों को पूरा करने के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचे और क्षमताओं के विकास पर केंद्रित है। हम सभी श्रेणियों के उपभोक्ताओं को बिना किसी भेदभाव के बिजली आपूर्ति करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमारी योजनाओं में नूंह भी एक महत्वपूर्ण स्थान रखता है।” कंपनी की प्रस्तावित बिजली खरीद रणनीति में नवीकरणीय ऊर्जा की महत्वपूर्ण हिस्सेदारी होगी।

