कुख्यात बदमाश ने जेल से छूटते ही फिर शुरू कर दिया ड्रग्स का कारोबार

खबर अपडेट…

इंदौर. पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के कुख्यात ड्रग्स तस्कर चेतन नाथ उम्र 36 साल को गिरफ्तार किया है. उसके कब्जे से 270 ग्राम ब्राउन शुगर, 8 किलो गांजा, पिस्टल के 22 जिंदा कारतूस, 19 लाख रुपए नकद, नोट गिनने की मशीन और ब्राउन शुगर की पुड़िया तैयार करने का सामान बरामद हुआ है. प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने ब्राउन शुगर राजस्थान के प्रतापगढ़ से लाना स्वीकार किया है. पुलिस अब उसके पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन की जांच में जुट गई है.

द्वारकापुरी पुलिस ने सोमवार 22 जून को 16 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ ड्रग पैडलर लकी नाथ को गिरफ्तार किया था. पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसे मादक पदार्थ चेतन नाथ उपलब्ध कराता है. इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने बैक ट्रैकिंग करते हुए नाथ मोहल्ला निवासी चेतन नाथ को दबोच लिया. उसके कमरे की तलाशी में ब्राउन शुगर, गांजा, 19 लाख रुपए नकद, नोट गिनने की मशीन, ड्रग्स की पुड़िया बनाने का सामान और 22 जिंदा कारतूस बरामद हुए. पूछताछ में यह भी सामने आया कि चेतन नाथ कई वर्षों से अपनी बहन सीमा नाथ के साथ मिलकर ब्राउन शुगर और गांजे की तस्करी कर रहा था. पिछले वर्ष अपहरण के एक मामले में जेल भेजे जाने के बाद वह अप्रैल में रिहा हुआ और बाहर आते ही फिर से नशे के कारोबार में सक्रिय हो गया. थाना प्रभारी मनीष मिश्रा ने बताया कि वह अपने साथियों के जरिए शहर में छोटे छोटे पैकेट बनाकर ड्रग्स की सप्लाई कराता था. अब उससे जुड़े अन्य तस्करों और सप्लायरों की तलाश की जा रही है. वहीं डीसीपी जोन 4 सुनील मेहता ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पहले गिरफ्तार किए गए ड्रग पैडलर से मिली जानकारी के आधार पर मुख्य सप्लायर तक पहुंचा गया, आरोपी से पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं. पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और इसमें शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी.

बॉक्स

17 मामलों का आरोपी, दो थानों में था फरार…

चेतन नाथ के खिलाफ इंदौर के विभिन्न थानों में हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट सहित कुल 17 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं. वह वर्तमान में राजेंद्र नगर थाना और धार जिले के नौगांव थाना के मामलों में भी फरार चल रहा था. लंबे समय से वह अपनी बहन सीमा नाथ के साथ मिलकर ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क का संचालन कर रहा था. पिछले वर्ष जेल जाने के बाद भी उसकी गतिविधियां नहीं थमीं और रिहा होते ही उसने दोबारा नशे का कारोबार शुरू कर दिया.

Next Post

मानसून की पहली झमाझम बारिश से भीगा शहर

Mon Jun 29 , 2026
जबलपुर। शहरवासियों को लंबे समय से जिस पल का इंतजार था, वह आखिरकार सोमवार को आ ही गया। शहर में मौसम ने अचानक करवट बदली और मानसून की पहली झमाझम बारिश ने पूरे शहर को सराबोर कर दिया। इस मूसलाधार बारिश से लोगों को पिछले कई दिनों से सता रही […]

You May Like