रीवा :डिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष और पूर्व डीन डॉ. मनोज इंदुलकर पर महिला ने छेड़छाड़ और मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। मामले के विरोध में रविवार को जूनियर डॉक्टरों ने संजय गांधी अस्पताल की ओपीडी के बाहर धरना शुरू कर दिया। उन्होंने डॉ. इंदुलकर को पद से हटाने की मांग की है।
इससे पहले शनिवार रात महिला अमहिया थाने पहुंची और डॉ. मनोज इंदुलकर के खिलाफ लिखित शिकायत दी। महिला ने आरोप लगाया कि डॉक्टर उस पर दबाव बनाते हैं, भद्दे कमेंट करते हैं और उसके घर के नीचे आकर गिफ्ट देते हैं। उसने शिकायत में मानसिक रूप से परेशान होने और आत्महत्या जैसे विचार आने की बात भी कही है।
मेडिकल कॉलेज ने बनाई जांच टीम
जूनियर डॉक्टरों के धरने के बीच मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने रविवार को मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय टीम गठित कर दी। डीन डॉ. शशिधर गर्ग ने बताया कि जूनियर डॉक्टरों ने विभागाध्यक्ष को बर्खास्त करने की मांग की है। जांच टीम को जल्द रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
डीन के मुताबिक, जांच पूरी होने तक डॉ. मनोज इंदुलकर को 28 नवंबर तक अवकाश पर भेज दिया गया है। धरने पर बैठे जूनियर डॉक्टरों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाए।
डॉ. इंदुलकर ने आरोपों को बताया निराधार
एडिशनल एसपी भावना मरावी ने बताया था कि महिला की शिकायत मिली है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, डॉ. मनोज इंदुलकर ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताया है।
