कौटिल्य एजुकेशन एकेडमी में हर्षोल्लास के साथ मना बाल दिवस

सिंगरौली । कौटिल्य एजुकेशन एकेडमी, मुड़पेली खुर्द में आज 14 नवंबर को बाल दिवस का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।कार्यक्रम विद्यालय के प्राचार्य मनोज द्विवेदी के मार्गदर्शन एवं विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं और स्टाफ की देखरेख में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय के संचालक कृष्णा शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य ने की।

बाल दिवस समारोह के दौरान बच्चों ने नृत्य, गायन, कविता, भाषण एवं विभिन्न सांस्कृतिक और मनोरंजक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण ऐतिहासिक एवं वीरांगना पात्रों पर आधारित प्रस्तुतियां रहीं। विद्यालय की छात्रा शिवांगी तिवारी ने लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर, सोनाक्षी द्विवेदी ने वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई तथा तान्या द्विवेदी ने वीरांगना रानी दुर्गावती के रूप में अपनी शानदार प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से छात्राओं ने भारतीय इतिहास की महान वीरांगनाओं के साहस, शौय, त्याग और बलिदान का संदेश दिया। अन्य बच्चों ने भी अपनी कला एवं रचनात्मक प्रतिभा से कार्यक्रम को यादगार बनाया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि संचालक कृष्णा शर्मा ने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों में अच्छे संस्कार, अनुशासन, नैतिक मूल्य, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में ऐसे आयोजनों का उद्देश्य बच्चों की छिपी प्रतिभा को मंच प्रदान करना और उनके सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्राचार्य ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया तथा कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। आवश्यकता है उसे पहचानने, निखारने और उचित अवसर प्रदान करने की।

Next Post

शैलेन्द्र वर्मा स्टेट बार काउंसिल के चेयरमैन निर्वाचित

Sun Nov 15 , 2026
जबलपुर:मध्यप्रदेश स्टेट बार काउंसिल के चुनाव में शैलेन्द्र वर्मा (गुड्डा भैया) चेयरमैन निर्वाचित हुए हैं। उनके निर्वाचन के साथ ही अधिवक्ताओं के बीच खुशी का माहौल है। निर्वाचन की जानकारी मिलते ही समर्थकों, साथी अधिवक्ताओं और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए नई जिम्मेदारी के सफलतापूर्वक निर्वहन की शुभकामनाएं दीं। […]

You May Like