
जबलपुर। शहर को स्वच्छता के पायदान पर शीर्ष पर ले जाने के संकल्प के साथ नगर निगम निरंतर नवाचार कर रहा है। इसी कड़ी में निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार के निर्देश पर संभाग क्रमांक 16, वार्ड 50 के अंतर्गत आने वाली घसिया बस्ती में एक प्रभावी नुक्कड़ नाटक एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में कलाकारों ने जीवंत अभिनय के माध्यम से स्वच्छता के महत्व को रेखांकित किया। नाटक के जरिए स्थानीय नागरिकों को समझाया गया कि कैसे छोटी-छोटी आदतें, जैसे गीला और सूखा कचरा अलग करना और डस्टबिन का उपयोग करना, पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदल सकती हैं। इस मौके पर निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने बताया कि इस आयोजन की खास बात क्षेत्र के स्कूली बच्चों और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को ‘स्वच्छता दूत के रूप में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं महिलाओं को घर से निकलने वाले कचरे के सही निपटान और प्लास्टिक मुक्त जीवन शैली अपनाने की जानकारी दी गई। आयोजन में स्थानीय नागरिकों ने सामूहिक रूप से अपने वार्ड को आदर्श और स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया।
