खरगे-प्रियंका ने बिरसा मुंडा को जयंती पर किया नमन, झारखंड स्थापना दिवस पर राहुल ने दी बधाई

नयी दिल्ली, 15 नवंबर (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए आदिवासी अधिकारों के लिए उनके संघर्ष और बलिदान को याद किया है। इसके साथ ही श्री खरगे तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने रविवार को झारखंड स्थापना दिवस पर राज्य के नागरिकों को शुभकामनाएं दीं। श्री खरगे ने आज सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि जल, जंगल और जमीन तथा आदिवासी अधिकारों की रक्षा के लिए अंग्रेजी शासन के विरुद्ध बिगुल फूंकने वाले भगवान बिरसा मुंडा का साहस, संघर्ष और अन्याय के खिलाफ लड़ने का संकल्प पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।

उन्होंने झारखंड के स्थापना दिवस पर राज्य के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि झारखंड की प्रगति, खुशहाली और हर नागरिक के सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा का संकल्प मजबूत होना चाहिए।
श्री गांधी ने झारखंड स्थापना दिवस पर राज्य के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य और समृद्ध संस्कृति से परिपूर्ण झारखंड भारत की अनमोल धरोहर है। उन्होंने कहा कि राज्य की सभ्यता और परंपराओं की रक्षा के लिए कांग्रेस प्रतिबद्ध है। श्रीमती वाड्रा ने भी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि जल, जंगल और जमीन पर आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए बलिदान देने वाले भगवान बिरसा मुंडा की विरासत सदैव देश को प्रेरणा देती रहेगी।

.....

Next Post

सांदीपनि विद्यालय में विधिक सेवा सप्ताह का शुभारंभ, छात्राओं को बताए कानूनी अधिकार

Sun Nov 15 , 2026
ग्वालियर। बाल दिवस पर शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विधिक जागरूकता शिविर के साथ विधिक सेवा सप्ताह-2026 का शुभारंभ हुआ। 14 से 20 नवंबर तक चलने वाले सप्ताह में छात्राओं को बाल सुरक्षा, साइबर अपराध, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, साइबर बुलिंग और पॉक्सो एक्ट-2012 की जानकारी दी गई। […]

You May Like