आस्था का सम्मान, भाईचारे का पैगाम: तेजगढ़ में कांवड़ यात्रा का भव्य स्वागत

​तेजगढ़/दमोह। तेजगढ़ क्षेत्र में आपसी सौहार्द, सांप्रदायिक सद्भाव और गंगा-जमुनी तहज़ीब का एक बेहद ख़ास और बेमिसाल नज़ारा देखने को मिला। पुण्यभूमि पंचवटी भेड़ाघाट से श्री जागेश्वर नाथ धाम बांदकपुर तक आयोजित ऐतिहासिक पांच दिवसीय पवित्र कांवड़ महायात्रा का चौथे दिवस तेजगढ़ पहुंचने पर मुस्लिम समाज के लोगों ने पूरे उत्साह, अकीदत और गर्मजोशी के साथ अभूतपूर्व स्वागत किया।

​यह पवित्र कांवड़ यात्रा मध्य प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी के अनुज सत्येंद्र सिंह लोधी के नेतृत्व में निकाली जा रही है। यात्रा के चौथे दिन जैसे ही काँवड़ियों का जत्था सुबह तेजगढ़ से बांदकपुर के लिए रवाना हुआ, मार्ग में पहले से मौजूद मुस्लिम समाज के लोगों ने कांवड़ियों का स्वागत अनोखे अंदाज में किया।

*​इत्र से महका मार्ग, भगवा शॉल, पुष्प माला और आतिशबाजी से गूंजा तेजगढ़*

​मुस्लिम समाज के प्रबुद्धजनों ने काँवड़ यात्रियों पर न सिर्फ जमकर पुष्पवर्षा की, बल्कि शिवभक्तों का सम्मान करते हुए उन्हें भगवा शॉल ओढ़ाई और गले लगाकर पुष्प मालाएं पहनाईं। इस दौरान काँवड़ियों पर इत्र (सुगंध) भी लगाया गया। यात्रा के दौरान समीर कर्ण द्वारा शानदार आतिशबाजी की गई, जिसके धमाकों, ढोल-नगाड़ों और गगनभेदी नारों के बीच पूरा क्षेत्र आपसी प्रेम और कौमी एकता के रंग में रंग गया।

​ *प्रमुख जन-प्रतिनिधियों और समाजसेवियों की रही गरिमामयी उपस्थिति*

​यात्रा में मुख्य रूप से सत्येंद्र सिंह लोधी के साथ पूर्व सांसद चंद्रभान सिंह लोधी, उनके भाई नितेंद्र सिंह लोधी, संग्राम सिंह, अनूप लोधी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक शामिल रहे।

​वहीं, इस भव्य स्वागत का नेतृत्व करते हुए समाजसेवी महेंद्र दीक्षित, पूर्व सरपंच फरमान खान, मनोहर सिंह शिक्षक , सप्पी, बबलू, जलील, शोएब पठान, डॉ हलीम, आरिफ़ सहित मुस्लिम धर्म के अनेक धर्मावलंबियों और स्थानीय नागरिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और भाईचारे का संदेश दिया।

​ *कौमी एकता और सामाजिक सौहार्द का अनूठा संदेश*

​तेजगढ़ में हुए इस भव्य स्वागत ने यह साबित कर दिया कि आस्था और भक्ति की इस पावन यात्रा में धर्म की सीमाएं समाप्त हो जाती हैं। मुस्लिम समाज द्वारा किए गए इस आत्मीय और शाही स्वागत की पूरे क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है।लोगों का कहना है कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी प्रेम, विश्वास और सौहार्द की डोर को और अधिक मजबूत करते हैं।

Next Post

सरकारी नर्सिंग कॉलेजों की व्यवस्थाओं पर एनएसयूआई ने उठाए सवाल

Sun Aug 23 , 2026
भोपाल। मध्यप्रदेश के शासकीय नर्सिंग कॉलेजों की व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने प्राचार्य, उप प्राचार्य और आवश्यक शिक्षकीय स्टाफ की कमी के साथ ही मान्यता के लिए प्रस्तुत दस्तावेजों में कथित अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस […]

You May Like