नयी दिल्ली, 15 नवंबर (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने रविवार को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर संसद परिसर स्थित प्रेरणा स्थल पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और संसदीय कार्य मंत्रालय के राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, सांसदों तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि दी।
श्री राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने संदेश में कहा, “साहस और प्रतिरोध के प्रतीक भागवान बिरसा मुंडा ने ब्रिटिश शासन के खिलाफ जनजातीय समुदाय का नेतृत्व किया और उनके अधिकारों, सम्मान तथा पहचान की लड़ाई लड़ी। उनके द्वारा दिया गया उलगुलान का आह्वान स्वतंत्रता और न्याय के संघर्ष की एक सशक्त आवाज बना। जनजातीय गौरव दिवस पर हम उनकी अमर विरासत और भारत के स्वतंत्रता संग्राम तथा राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समुदायों के अमूल्य योगदान का सम्मान करते हैं। उनकी विरासत और देश के स्वतंत्रता संग्राम तथा राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समुदायों के अमूल्य योगदान को समर्पित जीवंत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देखना प्रेरणादायक रहा।”
उल्लेखनीय है कि जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को सम्मान देने के लिए वर्ष 2021 से हर साल 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाता है। भारत के स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय समुदायों ने कई क्रांतिकारी आंदोलनों के माध्यम से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। यह दिवस उनकी समृद्ध विरासत, संस्कृति और इतिहास का उत्सव है। इस अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनका उद्देश्य एकता, गौरव और देश की आजादी तथा प्रगति में जनजातीय समुदायों के महत्वपूर्ण योगदान के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ावा देना है।
इस समारोह के तहत गणमान्य अतिथियों के स्वागत में विभिन्न राज्यों के छह जनजातीय लोक कलाकारों ने संसद परिसर स्थित प्रेरणा स्थल पर अपनी कला का प्रदर्शन किया।

