भिण्ड: एक ओर जहां प्रदेश भर की नगर पालिकाएं और नगर निगम स्वच्छता सर्वेक्षण में अपनी रैंकिंग सुधारने की होड़ में लगे हैं, वहीं नगर परिषद दबोह की जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत नजर आ रही है। मुख्य और आम रास्तों पर नालियों की नियमित सफाई न होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, मोहल्ले के लोगों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को रोजमर्रा के कामों के लिए इसी गंदे और बदबूदार पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नगर परिषद में वर्तमान में कोई भी सुध लेने वाला नहीं है, जिसके चलते सफाई व्यवस्था भगवान भरोसे चल रही है, लंबे समय से गंदा पानी जमा रहने और कचरे का उठाव न होने से क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है।वार्डवासियों ने नगर परिषद प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द नालियों की सफाई करवाकर गंदे पानी की निकासी की उचित व्यवस्था की जाए, ताकि आमजन को इस नारकीय स्थिति से राहत मिल सके।
