
झाबुआ. भगवान बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को झाबुआ जिले में मां नर्मदा का जल पहुंचेगा। नर्मदा-झाबुआ-पेटलावद-थांदला-सरदारपुर माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना के तहत लाभान्वित 194 ग्रामों के जलदूतों एवं किसानों के साथ समन्वय बैठक पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित हुई। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
मंत्री भूरिया ने कहा कि झाबुआ में नर्मदा का जल पहुंचना जिले के लिए सौभाग्य और किसानों के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने ग्रामीणों से कलश यात्रा एवं पूजा-अर्चना के साथ नर्मदा जल का स्वागत करने की अपील की। साथ ही जल संरक्षण को लेकर सभी से एक-एक बूंद बचाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा की कम वर्षा के कारण जिले के जल स्रोत पर्याप्त नहीं भर पाए हैं, इसलिए किसानों को कम पानी वाली फसलों को प्राथमिकता देनी चाहिए। नर्मदा जल का जिम्मेदारी से उपयोग और संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने कहा कि परियोजना से कृषि विकास और किसानों की समृद्धि की नई संभावनाएं खुलेंगी। उन्होंने किसानों से सिंचाई में पानी का मितव्ययी उपयोग करने की अपील की। बैठक में जिलाध्यक्ष भानु भूरिया सहित अधिकारी, जलदूत एवं किसान उपस्थित रहे।
