ओरछा में नरोत्तम मिश्रा की ‘वापसी’ ने खींचा सियासी ध्यान, सीएम के साथ जहांगीर महल पहुंचे पूर्व गृह मंत्री

ग्वालियर: भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के दूसरे और अंतिम दिन ओरछा से एक तस्वीर ने मध्यप्रदेश की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है। वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा लंबे अंतराल के बाद प्रदेश भाजपा के इस बड़े संगठनात्मक मंच पर प्रमुखता से नजर आए। हालांकि उनकी मौजूदगी सामान्य संगठनात्मक कार्यक्रम के तौर पर सामने आई, लेकिन बैठक के दौरान उनकी बैठने की स्थिति और दूसरे दिन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ उनकी सक्रिय मौजूदगी ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं को हवा दे दी है।
दरअसल, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के पहले दिन नरोत्तम मिश्रा पहली पंक्ति के बजाय दूसरी पंक्ति में बैठे नजर आए। वरिष्ठ नेताओं से सजी पहली कतार से अलग उनकी यह तस्वीर राजनीतिक नजरों से बच नहीं सकी। ऐसे में सवाल उठने लगा कि क्या यह महज बैठने की व्यवस्था थी या इसके पीछे संगठनात्मक प्रोटोकॉल और मौजूदा राजनीतिक समीकरणों की कोई कहानी भी है? हालांकि इसे लेकर पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक संकेत या स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। लिहाजा इसे फिलहाल सियासी गलियारों में उठ रही चर्चा के तौर पर ही देखा जा रहा है।
दिलचस्प बात यह रही कि कार्यसमिति के दूसरे और अंतिम दिन तस्वीर कुछ अलग नजर आई। डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने स्वयं सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि विधिवत सत्रारंभ से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ऐतिहासिक जहांगीर महल पहुंचकर वहां चल रहे संरक्षण एवं निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान नरोत्तम मिश्रा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा के राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के साथ नजर आए।

Next Post

निगम वार्ड 58 एवं 60 में पार्षद उपचुनाव का कार्यक्रम जारी

Tue Sep 1 , 2026
इंदौर:राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकायों में उपचुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है. इसके तहत इंदौर नगर निगम के वार्ड 58 एवं वार्ड क्रमांक 60 में पार्षद का चुनाव निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगा. आयोग द्वारा जारी चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 8 सितंबर को अधिसूचना जारी होगी. 8 […]

You May Like