सिंगरौली में पुलिया नहीं होने से खाट पर मरीज को नाला पार कराया, वायरल वीडियो ने खोली विकास की पोल

सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के देवसर जनपद पंचायत क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की कमी की तस्वीर सामने आई है। नयाटोला ग्राम पंचायत के अमलकपुर-बेलवानी गांव में पुलिया नहीं होने के कारण परिजन एक बीमार व्यक्ति को खाट पर लिटाकर नाला पार कराने को मजबूर हुए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ग्रामीण विकास के दावों पर सवाल उठ रहे हैं।

*खाट पर लिटाकर मरीज को पहुंचाया अस्पताल*

जानकारी के मुताबिक, छोटू बैगा की तबीयत अचानक बिगड़ने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें खाट पर लिटाया और नाला पार कराकर बरका प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से उन्हें आगे इलाज के लिए सीधी रेफर किया गया। ग्रामीणों के अनुसार, नाले में सामान्य दिनों में भी करीब 2 से 3 फीट पानी रहता है, जबकि बारिश के दौरान इसे पार करना और मुश्किल हो जाता है।

*एक हजार से अधिक आदिवासी परिवार प्रभावित*

अमलकपुर-बेलवानी क्षेत्र में करीब एक हजार बैगा जनजाति के परिवार रहते हैं। पुलिया नहीं होने से ग्रामीणों को रोजाना जोखिम उठाकर नाला पार करना पड़ता है। स्कूली बच्चे भी इसी रास्ते से आते-जाते हैं। ग्रामीणों का दावा है कि सरपंच, सचिव और ग्राम रोजगार सहायक नियमित रूप से गांव नहीं आते। उन्होंने बताया कि पहले भी इस नाले में डूबने से कुछ लोगों की मौत हो चुकी है।

*विधायक ने भी उठाई थी पुलिया निर्माण की मांग*

धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने पिछले वर्ष 1 जून को तत्कालीन कलेक्टर को पत्र लिखकर अमलकपुर नाले पर पुलिया निर्माण के लिए डीएमएफ मद से राशि स्वीकृत करने की मांग की थी। निर्माण पर करीब 25 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।

*डीएमएफ मद से 25 लाख रुपये का प्रस्ताव भेजा*

जनपद पंचायत देवसर के सीईओ सूरज मिश्रा के मुताबिक, बेलवानी से अमलकपुर होते हुए बरका जाने वाले मार्ग पर स्थित सेरूआ नाले में पुलिया निर्माण के लिए विधायक की अनुशंसा के बाद डीएमएफ मद से 25 लाख रुपये की राशि का प्रस्ताव भेजा जा चुका है।

Next Post

बाल सुरक्षा के कानूनों से रूबरू हुए बच्चे

Sat Nov 14 , 2026
जबलपुर, बच्चों की सुरक्षा केवल परिवार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज और कानून की भी जवाबदेही है। कई बार जानकारी के अभाव में बच्चे अनुचित व्यवहार, यौन शोषण और साइबर अपराध जैसी परिस्थितियों का सामना करने के बावजूद अपनी बात सामने नहीं रख पाते। इसी को ध्यान में रखते हुए […]

You May Like