रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में चोरी के इरादे से घर में घुसे आरोपी ने 50 वर्षीय व्यक्ति की हत्या कर दी। पांती गांव में हुई इस वारदात में आरोपी ने विद्यार्थी पटेल के सिर पर पत्थर से हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी बाइक और मोबाइल लेकर फरार हो गया। पुलिस ने करीब छह दिन की जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
*रात में चोरी करने घुसा था आरोपी*
पुलिस के मुताबिक, घटना 7 और 8 नवंबर की दरमियानी रात करीब 3 से 4 बजे के बीच की है। विद्यार्थी पटेल गांव में गड़ी रोड के पास अपने घर और दुकान में अकेले रहते थे। इसी दौरान छोटी पांती निवासी धर्मराज यादव उर्फ लल्लू (37) कथित तौर पर चोरी के इरादे से दुकान में घुसा। इसी दौरान सामना होने पर उसने विद्यार्थी पटेल के सिर पर पत्थर से हमला कर दिया। इसके बाद वह बाइक और मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गया।
*छह दिन बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ा*
घटना की सूचना मिलने पर गोविंदगढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की। करीब छह दिन बाद शनिवार को धर्मराज यादव को गिरफ्तार कर लिया गया।
*बाइक, मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल सामान जब्त*
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से होंडा शाइन बाइक, मोबाइल फोन, एक नीले रंग का की-पैड मोबाइल, तीन पत्थर और एक लाठी जब्त की है। आरोपी को 14 नवंबर को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार, चोरी के दौरान विरोध होने पर आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया।
