
सिंगरौली । देवसर जनपद पंचायत क्षेत्र के नयाटोला ग्राम पंचायत अंतर्गत अमलकपुर-बेलवानी गांव की तस्वीर ने आज सब को एक बार सोचने के लिए मजबूर कर दिया है। यहां के हजार बैगा जनजाति के लोग अभी भी विकास से कोसो दूर हैं।
आलम यह है कि नाले पर पुलिया न होने से एक मरीज को खाट के सहारे नाला पार कराते हुये अस्पताल इलाज कराने ले जा रहे थे, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल होने पर सरकार और प्रशासन की किरकिरी भी शुरू हो गई है। देवसर जनपद पंचायत क्षेत्र के धौहनी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत नयाटोला के इस क्षेत्र में करीब एक हजार आदिवासी परिवार निवासरत हैं। यहां के ग्रामीणों को रोज जोखिम भरा सफर करना पड़ता है। स्कूली बच्चे भी इसी रास्ते से आवागमन करते हैं। वायरल वीडियो ने ग्रामीण विकास के दावों की हकीकत सामने ला दी है। हुआ यूॅ कि छोटू बैगा की तबियत अचानक खराब हुई तो उसके परिवार जन फुले बैगा, आशीष बैगा, बिरजू बैगा, बुंदेला बैगा एवं गोरेलाल सिंह ने खाट के सहारे नाले में हमेशा करीब 2 से 3 फीट पानी जमा रहता है और उपचार के लिए बरका प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ले गये। बाद में छोटू बैगा को सीधी के लिए रवाना कर दिया गया। वीडियो वायरल होने के बाद तहकीकात शुरू की गई, जिसमें पता चला कि कहीं न कहीं पूर्व में पदस्थ कलेक्टर गौरव बैनल की भी लापरवाही सामने आई है। उनके एक साल के कार्यकाल में एक बार भी डीएमएफ फंड को लेकर बैठक नही आयोजित की गई।
विधायक ने 1 जून को कलेक्टर को लिखा था पत्र
हैरानी की बात है कि धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने पिछले वर्ष 1 जून को तत्कालीन कलेक्टर गौरव बैनल को पत्र लिखकर अमलकपुर नाले पर पुलिया निर्माण के लिए डीएमएफ मद से राशि स्वीकृत करने की मांग की थी। पुलिया निर्माण में करीब 25 लाख रुपये से अधिक की लागत संभावित है। इतनी बड़ी राशि का निर्माण कार्य पंचायत के सीमित बजट से संभव नहीं है। इसके लिए जिला खनिज प्रतिष्ठान अथवा संबंधित विभागीय मद से स्वीकृति और निर्माण की आवश्यकता है। इसके बावजूद तत्कालीन कलेक्टर के कार्यकाल में डीएमएफ के कार्यों की स्वीकृति के लिए बैठक आयोजित नहीं होने से एक हजार से अधिक प्रस्तावित कार्य मंजूरी की प्रतीक्षा में रहे।
सरपंच-सचिव व जीआरएस गांव में आते ही नही
फुले बैगा, आशीष बैगा, बिरजू बैगा, बुंदेला बैगा एवं गोरेलाल सिंह ने बड़े ही सरल तरीके से कहा कि सरपंच-सचिव और जीआरएस से क्या उम्मीद करें। कभी यहां आते ही नही हैं, हम लोगों की जिंदगी कैसे कट रही है, बारिश के दिनों में पुल पार करना कितना जोखिम साबित होता है, इसे बयां नही किया जा सकता। जनप्रतिनिधियों से भी कोई मतलब नही है। इसीलिए हम लोग मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। विकास कार्य क्या किये गये हैं, इससे बड़ा उदाहरण और क्या हो सकता है। स्कूली बच्चों को कैसे हम लोग पार कराते हैं। वहीं इस नाले में कुछ लोगों की डूबने से कुछ साल पहले मौत भी हो चुकी है।
इनका कहना
ग्राम बेलवानी से अमलकपुर होते हुये बरका जाने वाले मार्ग के बीच में सेरूआ नाला स्थित है। पुलिया बनाने के लिए विधायक जी के द्वारा अनुशंसा उपरांत कार्य को डीएमएफ मद से स्वीकृत हेतु राशि 25 लाख रूपये प्रेषित किया जा चुका है।
सूरज मिश्रा
सीईओ, जनपद पंचायत देवसर
