नयी दिल्ली, 14 नवंबर (वार्ता) डिजाइन-आधारित विनिर्माण के लिए एक एकीकृत इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण समाधान भागीदार, साइएंट डीएलएम और सरकारी रक्षा उपक्रम ‘हिंदुस्तान शिपयार्ड लिमिटेड’ (एचएसएल) ने समुद्री और रक्षा अनुप्रयोगों के लिए उन्नत इलेक्ट्रॉनिक्स और प्रौद्योगिकी समाधानों के क्षेत्र में सहयोग के अवसरों का पता लगाने के लिए एक समझौता ज्ञापन
पर हस्ताक्षर किए हैं। शनिवार को जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह समझौता ज्ञापन एच एस एल के जहाज निर्माण, जहाज की मरम्मत और प्लेटफॉर्म इंटीग्रेशन के अनुभव को, साइएंट डीजलएम की मिशन-क्रिटिकल इलेक्ट्रॉनिक्स, एम्बेडेड सिस्टम, पावर इलेक्ट्रॉनिक्स, सटीक विनिर्माण (प्रिसिजन मैन्युफैक्चरिंग), टेस्टिंग और प्रोडक्ट लाइफसाइकिल सपोर्ट की क्षमताओं के साथ जोड़ने वाला है।
यह सहयोग ऐसे क्षेत्रों की तलाश करेगा जो भारत सरकार के ‘आत्मनिर्भर भारत’ के उद्देश्यों के समर्थन में, स्वदेशीकरण और प्रौद्योगिकी विकास को बढ़ावा देने में योगदान दे सकें। विज्ञप्ति के अनुसार इस ढांचे के तहत, दोनों संगठन समुद्री और रक्षा अनुप्रयोगों के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स, एम्बेडेड सिस्टम, पावर इलेक्ट्रॉनिक्स, टेस्टिंग, विनिर्माण और लाइफसाइकिल सपोर्ट जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं का मूल्यांकन करेंगे। ये कंपनियां स्वदेशीकरण, पुराने हो रहे सिस्टम का प्रबंधन (ऑब्सोलेसेंस मैनेजमेंट), टेस्ट और सपोर्ट सिस्टम, स्वायत्त (ऑटोनॉमस) और मानवरहित समुद्री प्लेटफॉर्म, पावर इलेक्ट्रॉनिक्स तथा एआई-आधारित रखरखाव समाधानों जैसे क्षेत्रों में भी अवसरों की तलाश करेंगी।
इस साझेदारी के बारे में बात करते हुए, साइएंट डीएलएम के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी, राजेंद्र वेलागापुडी ने कहा, “भारत का समुद्री और रक्षा इकोसिस्टम, मजबूत स्वदेशी तकनीक और विनिर्माण क्षमताएं विकसित करने का एक बड़ा अवसर प्रदान करता है। हिंदुस्तान शिपयार्ड लिमिटेड के साथ हमारा जुड़ाव, जहाज निर्माण और प्लेटफॉर्म एकीकरण में उनकी क्षमताओं को, मिशन-क्रिटिकल इलेक्ट्रॉनिक्स और विनिर्माण में साइएंट डीएलएम की विशेषज्ञता के साथ जोड़ता है। हम ऐसे अवसरों की तलाश में हैं, जहां हमारी संयुक्त क्षमताएं समुद्री और रक्षा प्लेटफॉर्मों के लिए स्वदेशीकरण, तकनीक के विकास और लंबे समय तक चलने वाली जरूरतों को पूरा करने में मदद कर सकें।”
एच एस एल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, रियर एडमिरल सी. रघुराम, वीएसएम (सेवानिवृत्त) ने कहा, “यह समझौता ज्ञापन एच एस एल और साइएंट डीएलएम के लिए ऐसे क्षेत्रों की तलाश करने का एक ढांचा प्रदान करता है, जहां हमारी क्षमताएं एक-दूसरे की पूरक बन सकें। जैसे-जैसे भारत अपने स्वदेशी समुद्री और रक्षा इकोसिस्टम को मजबूत कर रहा है, जहाज निर्माण, इलेक्ट्रॉनिक्स, तकनीक और लाइफसाइकिल सपोर्ट के क्षेत्रों में आपसी सहयोग एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। हम ऐसे अवसरों का मूल्यांकन करने के लिए उत्सुक हैं, जो अधिक आत्मनिर्भरता और तकनीकी विकास में योगदान दे सकें।”

