भोपाल। बीएचईएल भोपाल में गुरुवार को प्रशासनिक भवन परिसर में ध्वजारोहण के साथ स्थापना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक प्रदीप कुमार उपाध्याय ने बीएचईएल का ध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद बीएचईएल गीत का गायन किया गया।
समारोह में महाप्रबंधक, डीआरओ, विभिन्न यूनियनों एवं एसोसिएशनों के प्रतिनिधि, अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित थे।
स्थापना दिवस के अवसर पर बीएचईएल ने गोविंदपुरा स्थित गेट नंबर-8 के समीप प्रगति वन में एक लाख पौधे लगाने के महत्वाकांक्षी अभियान की भी शुरुआत की। कार्यपालक निदेशक प्रदीप कुमार उपाध्याय के नेतृत्व में शुरू किए गए इस अभियान को महाप्रबंधक (मानव संसाधन) हेमराम पटेल का मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ उप महाप्रबंधक (नगर प्रशासन) समीर पॉल का सहयोग प्राप्त हुआ।
इस अभियान का उद्देश्य बीएचईएल टाउनशिप में हरित क्षेत्र का विस्तार, जैव विविधता को बढ़ावा देना तथा पर्यावरण संरक्षण को मजबूत करना है। यह पहल पर्यावरणीय संतुलन, जनभागीदारी और सतत विकास के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।
