हीरापुरा में कलेक्टर ने सुनी ग्रामवासियों की समस्याएं, योजनाओं का लाभ दिलाने के दिए निर्देश

भिण्ड। जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर पवन जैन ने विकासखंड लहार के ग्राम हीरापुरा का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामवासियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और शासकीय योजनाओं के लाभ सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।कलेक्टर ने शासकीय प्राथमिक विद्यालय हीरापुरा पहुंचकर शिक्षकों एवं बच्चों की उपस्थिति, दर्ज छात्रों की संख्या तथा मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था की जानकारी ली। बच्चों की कम उपस्थिति पर नाराजगी जाहिर करते हुए उपस्थिति बढ़ाने निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बच्चों को पौष्टिक भोजन सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
ग्रामीणों से संवाद करते हुए कलेक्टर ने वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, विधवा पेंशन, राशन वितरण सहित अन्य हितग्राही योजनाओं की स्थिति जानी। उन्होंने सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक को निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों को पेंशन एवं पात्रता पर्ची का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की योजनाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए।
कलेक्टर ने सीईओ जनपद पंचायत लहार को निर्देशित किया कि शौचालय निर्माण हेतु राशि प्राप्त हितग्राहियों के घरों में शौचालय बना है या नहीं, इसकी जांच कराई जाए। साथ ही शासकीय जमीन पर अतिक्रमण तत्काल हटाकर उस भूमि पर प्रोपर प्लान के साथ स्कूल, आंगनवाड़ी एवं ग्राम पंचायत भवन निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर जैन ने ग्रामवासियों से अपनी आबादी भूमि के पट्टों की रजिस्ट्री कराने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि स्वामित्व योजना के अंतर्गत आबादी भूमि के पट्टों की रजिस्ट्री का कार्य निरंतर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जन विश्वास अभियान का उद्देश्य जनता की शिकायतों तथा योजनाओं से जुड़े प्रकरणों का समयबद्ध निपटान सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सूरज वर्मा, सीईओ जिला पंचायत वीरसिंह चौहान, सीईओ जनपद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Post

आबकारी विभाग की कार्रवाई ढाबे और रिसोर्ट से अवैध शराब जब्त

Sat Nov 14 , 2026
भोपाल। आबकारी नियंत्रक दल ने अवैध रूप से शराब पिलाने वालों पर गुरुवार को देर रात्रि में शहर के ढाबों, बाजारों और रिसोर्ट में छापेमारी की. इस कार्रवाई में दल ने1 लाख 8 हजार 800 रुपए कीमत की शराब और एक दोपहिया वाहन जब्त किया गया. शुरूआत में आबकारी विभाग […]

You May Like