वाशिंगटन, 25 अक्टूबर (वार्ता) अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने शुक्रवार सुबह बताया कि कैरिबियाई सागर में रात भर चली अमेरिकी सेना की कार्रवाई में ड्रग तस्करी में शामिल एक नाव डूब गयी जिससे उसमें सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई।
सितंबर के बाद इस दसवीं अमेरिकी कार्रवाई में मरने वालों की संख्या 40 से अधिक हो गई है। हालांकि यह किसी संदिग्ध मादक पदार्थ जहाज पर रात में किया गया पहला हमला था।
श्री हेगसेथ ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि इस नाव में मादक पदार्थ थे और वह नाव ऐसे मार्ग से गुजर रही थी जिसे तस्कर इस्तेमाल करते हैं। यह क्षेत्र ट्रेन डी अरागुआ के कब्जे में है जो वेनेजुएला-मूल का कार्टेल है। इसे संयुक्त राज्य अमेरिका ने औपचारिक रूप से एक आतंकवादी संगठन घोषित किया है। श्री हेगसेथ ने बताया कि यह हमला अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में हुआ।
व्हाइट हाउस ने 2 अक्टूबर को अमेरिकी कांग्रेस को सूचित किया था कि संयुक्त राज्य अमेरिका उन ड्रग कार्टेलों के साथ एक ‘गैर-अंतरराष्ट्रीय सशस्त्र संघर्ष’ में शामिल है जिन्हें आतंकवादी समूह घोषित किया गया है। हालांकि उन्होंने उनका नाम नहीं लिया।
इन हमलों की कांग्रेस के डेमोक्रेट सांसदों ने तीखी आलोचना की है। रोड आइलैंड के सीनेटर जैक रीड ने कहा कि अमेरिकी सरकार ने इन हमलों के लिए ‘कोई विश्वसनीय कानूनी औचित्य, सबूत या खुफिया जानकारी पेश नहीं की।’
वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने बार-बार वाशिंगटन की कार्रवाई की निंदा करते हुए इसे अपनी सरकार को उखाड़ फेंकने और लैटिन अमेरिका में अमेरिकी सैन्य प्रभाव का विस्तार करने का प्रयास बताया है। इस महीने की शुरुआत में कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने समुद्र में ड्रग संदिग्धों की हत्या के लिए अमेरिकी सरकार पर ‘हत्या’ का आरोप लगाया था।

