
विदिशा। सिरोंज क्षेत्र के रुसल्ली घाट टपरा मैं क्षेत्र तक सड़क निर्माण की मांग को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों ने नदी की पुलिया पर चक्काजाम कर दिया. मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के शिविर में जा रहे प्रशासनिक अधिकारियों के काफिले को ग्रामीणों ने रोककर अपनी समस्या बताई. इस दौरान पुलिस द्वारा ग्रामीणों को हटाने के प्रयास में तीखी कहासुनी और झड़प हो गई. ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की मांग उठाने पर उन्हें धमकी और लाठियों का सामना करना पड़ा, वहीं काफिले पर पत्थर फेंके जाने की जानकारी भी सामने आई है.
ग्रामीणों का कहना है कि टपरा क्षेत्र में उनके मकान हैं, लेकिन वहां तक पहुंचने के लिए सड़क नहीं है. वे लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं. अधिकारियों का काफिला पहुंचने पर महिलाओं और पुरुषों ने पुलिया पर रास्ता रोककर अपनी बात रखी. विवाद बढ़ने पर पुलिस ने रास्ता खुलवाया.
सूचना मिलने पर एसडीएम ओम नारायण बड़कुल, एसडीओपी और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे. एसडीएम ने बताया कि एक तरफ से सड़क स्वीकृत हो चुकी है, जबकि दूसरी तरफ निजी भूमि होने की जानकारी मिली है. ग्रामीणों की मांग की जांच कराई जाएगी. समझाइश के बाद मामला शांत हुआ. वहीं शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं से जुड़े कुल 36 आवेदन प्राप्त हुए.
