
मंदसौर। महिला एवं बाल विकास अधिकारी ने बताया कि मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के अंतर्गत संचालित “सृजन कार्यक्रम” का शुभारंभ पुलिस कंट्रोल रूम, मंदसौर में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देश एवं मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में किया गया ।
इस 10 दिवसीय कार्यक्रम का उद्देश्य किशोर-किशोरियों में आत्मरक्षा, लैंगिक समानता, कानूनी जागरूकता, नेतृत्व क्षमता, बाल विवाह एवं हिंसा रोकथाम, नशा-मुक्ति, कानूनी अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें सकारात्मक जीवन मूल्यों के प्रति सशक्त बनाना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री तेरसिंह बघेल एवं एसडीपीओपी श्रीमती कीर्ति बघेल की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कुल 74 प्रतिभागी (बालक-बालिकाएँ सहित) सम्मिलित हुए।
कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष रूप से हाशिए पर रहने वाले बच्चे, अनाथ बच्चे, एकल अभिभावक के साथ रहने वाले बच्चे, घर पर दुर्व्यवहार से प्रभावित तथा शाला-त्यागी बच्चों को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रतिभागियों को आत्मरक्षा कौशल, व्यक्तिगत सुरक्षा, कानूनी अधिकारों एवं सामाजिक जिम्मेदारियों से संबंधित जानकारी एवं प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
कार्यक्रम के सफल संचालन में उड़ान संस्था की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसमें संस्था की निदेशक सुश्री संगीता कुंभकार, सतनारायण प्रजापत, महिला एवं बाल विकास विभाग से समन्वयक सुश्री ममता खींची तथा पुलिस अधिकारियों द्वारा सतत प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है।
