लद्दाख में इस साल 10 महीनों में पर्यटकों की संख्या में 65.9 प्रतिशत की रिकॉर्ड वृद्धि

श्रीनगर, 13 नवंबर (वार्ता) केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में वर्ष 2026 के पहले दस महीनों के दौरान पर्यटकों के आगमन में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में इस साल पर्यटकों की संख्या में 65.90 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

लद्दाख के उपराज्यपाल विनय सक्सेना ने सोशल मीडिया पर इन आंकड़ों का साझा किया। उन्होंने कहा कि जनवरी से अक्टूबर 2026 के बीच केंद्र शासित प्रदेश में लगभग 4.91 लाख पर्यटक आए, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि के दौरान 2.96 लाख पर्यटक लद्दाख पहुंचे थे।

पर्यटकों की संख्या में यह सकारात्मक रुझान अक्टूबर महीने में भी जारी रहा। अक्टूबर 2026 में पर्यटकों की संख्या 30,623 तक पहुंच गई, जो अक्टूबर 2025 में आए 17,537 पर्यटकों की तुलना में 74.62 प्रतिशत अधिक है। आंकड़ों के मुताबिक, पिछले पांच महीनों में पर्यटकों की आवाजाही में निरंतर वृद्धि देखी गई है। पिछले वर्ष के इन्हीं महीनों की तुलना में मई में 121 प्रतिशत, जून में 43 प्रतिशत, जुलाई में 56 प्रतिशत, अगस्त में 65 प्रतिशत और सितंबर में 61 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

उपराज्यपाल ने इस उपलब्धि का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने के आह्वान और केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन की लक्षित नीतिगत पहलों को दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन के प्रयासों का उद्देश्य पर्यटन क्षेत्र के लिए एक अनुकूल वातावरण तैयार करना, स्थानीय निवासियों के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना और सतत आजीविका को बढ़ावा देना है। उपराज्यपाल ने जिम्मेदार पर्यटन के महत्व पर जोर देते हुए यात्रियों को लद्दाख आने तथा इसकी प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत का अनुभव करने के लिए आमंत्रित भी किया।

Next Post

भारत-बंगलादेश के बीच परस्पर सहमति से जल्द होगी अगली कांसुलर वार्ता

Fri Nov 13 , 2026
नयी दिल्ली, 13 नवंबर (वार्ता) भारत ने बंगलादेश के साथ सकारात्मक, रचनात्मक और भविष्य को ध्यान में रखकर संबंध बनाये रखने की इच्छा जताते हुए कहा है कि दोनों देशों के बीच अगली कांसुलर वार्ता परस्पर सहमति से जल्द होगी । विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को […]

You May Like