नयी दिल्ली, 13 नवंबर (वार्ता) भारत ने बंगलादेश के साथ सकारात्मक, रचनात्मक और भविष्य को ध्यान में रखकर संबंध बनाये रखने की इच्छा जताते हुए कहा है कि दोनों देशों के बीच अगली कांसुलर वार्ता परस्पर सहमति से जल्द होगी ।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को इस संबंध में पूछे गये सवाल के जवाब में कहा कि भारत -बंगलादेश के बीच कांसुलर वार्ता का अगला दौर दोनों देशों की आपसी सहमति से तय तारीख पर आयोजित किया जायेगा।इस बैठक में दोनों देशों के बीच संशोधित यात्रा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होगी।
श्री जायसवाल ने बताया कि भारत और बंगलादेश के बीच व्यापार, रेलवे, जल संसाधन और सीमा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में पहले से तय व्यवस्थाओं के तहत पहल की गयी है और बैठकें भी हुई हैं। उन्होंने कहा कि भारत मौजूदा व्यवस्थाओं के माध्यम से बंग्लादेश के साथ सभी द्विपक्षीय मुद्दों पर बातचीत के लिए तैयार है। इसमें तकनीकी स्तर पर होने वाली बातचीत भी शामिल है।
