मैहर, बांघवगढ़ टाइगर रिजर्व के रेडियो कॉलर हाथी कॉलर-4 को वन विभाग की टीमों ने एक सफल और चुनौतीपूर्ण अभियान के बाद मैहर वन परिक्षेत्र से सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया है. यह हाथी बांघवगढ़ से बाणसागर डैम के पानी में तैरकर मैहर क्षेत्र तक पहुंच गया था. हाथी की लगातार निगरानी और सुरक्षित रेस्क्यू के लिए बांघवगढ़ टाइगर रिजर्व और सामान्य वन मंडल की संयुक्त टीमें जुटी हुई थीं.
वन विभाग के लगातार प्रयासों के बाद बुधवार रात मैहर के मनकहरी गांव के पास हाथी को सुरक्षित घेरकर रेस्क्यू करने में सफलता हासिल हुई. इस वृहद अभियान में 4 कुमकी हाथियों के साथ-साथ 100 से अधिक वनकर्मी और अधिकारी तैनात रहे. हाथी को सुरक्षित रूप से घेरने और काबू में करने के लिए कुमकी हाथियों की अहम मदद ली गई. रेस्क्यू के बाद हाथी को कल्लवाह के जंगल में रखा जाएगा, जहां उसकी लगातार निगरानी की जाएगी. मैहर से कल्लवाह तक की इस दूरी को तय करने के लिए वन विभाग की टीम को लगभग 100 किलोमीटर का सफर तय करना होगा.
सुरक्षा हमारी सबसे पहली प्राथमिकता: क्षेत्र संचालक
बांघवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय ने जानकारी दी कि हाथी की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जा रही है, और उसकी सुरक्षा प्रशासन की सबसे पहली प्राथमिकता है. चूंकि हाथी अक्सर पानी के रास्ते आगे निकल जाता है, इसलिए टीम उसे सुरक्षित रूप से सड़क के मार्ग से वापस लाने के प्रयास में जुटी है. हाथी को अब कल्लवाह के सुरक्षित जंगलों में रखा गया है
