अंतर्राष्ट्रीय पैरा आर्म रेसलिंग में रोहित सिंह ने दो कांस्य पदक जीतकर ग्वालियर को किया गौरवान्वित

ग्वालियर। सामाजिक न्याय मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने अंतर्राष्ट्रीय पैरा आर्म रेसलिंग विश्व चैंपियनशिप में दो कांस्य पदक विजेता ग्वालियर के रोहित सिंह एवं विश्व स्तर पर चौथी रैंक प्राप्त करने वाली उनकी बहन सुश्री खुशी लहरिया का अपने कार्यालय में सम्मान किया। मंत्री कुशवाह ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए शुभकामनाएँ दीं।
मंत्री कुशवाह ने कहा कि दोनों भाई-बहन ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से देश एवं मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उनकी उपलब्धियाँ प्रदेश के दिव्यांग एवं युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
पैरा रेसलर रोहित सिंह ने नई दिल्ली में आयोजित 47वीं वर्ल्ड आर्म रेसलिंग एवं 28वीं विश्व पैरा आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप-2026 में दो कांस्य पदक अर्जित किए। उन्होंने ताशकंद, उज्बेकिस्तान में वर्ल्ड पैरा आर्म रेसलिंग कप में स्वर्ण पदक तथा एशियन चैंपियनशिप में एक स्वर्ण एवं दो कांस्य पदक जीते। वर्ष 2025 में बुल्गारिया विश्व चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व किया। इसके अतिरिक्त गुजरात एवं केरल की राष्ट्रीय चैंपियनशिप में दो-दो स्वर्ण पदक तथा ग्वालियर में आयोजित ऑल इंडिया (पीएएफआई) पफी कप में दो स्वर्ण पदक सहित चैंपियन ऑफ चैंपियंस का खिताब हासिल किया।
अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर डेफ एथलीट सान्या डोंगरे ने भी बढ़ाया प्रदेश का मान
मध्यप्रदेश की गौरव अंतर्राष्ट्रीय डेफ एथलीट सुश्री सान्या डोंगरे ने अपनी असाधारण खेल प्रतिभा, कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश एवं प्रदेश का मान बढ़ाया है। सान्या डोंगरे का भी मंत्री कुशवाह ने स्वागत किया। उल्लेखनीय है कि सान्या डोंगरे ने एशिया पैसिफिक डेफ एथलेटिक्स चैंपियनशिप, मलेशिया-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 स्वर्ण एवं 1 कांस्य पदक अपने नाम किए। इसके पूर्व वर्ष 2024 की एशिया पैसिफिक डेफ एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी उन्होंने 1 स्वर्ण, 1 रजत एवं 2 कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। इसके अतिरिक्त गुजरात, केरल, इंदौर सहित विभिन्न राष्ट्रीय एवं अन्य प्रतियोगिताओं में भी उन्होंने अनेक पदक अर्जित किए हैं।
मंत्री कुशवाह ने विश्वास व्यक्त किया कि सान्या डोंगरे, रोहित सिंह तथा खुशी लहरिया भविष्य में भी अंतर्राष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।

Next Post

ग्वालियर में आज से होगा श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन, निकलेगी कलश यात्रा

Fri Nov 13 , 2026
ग्वालियर: धर्म एवं आध्यात्मिक चेतना के प्रसार के उद्देश्य से श्री राम समिति ग्वालियर के तत्वावधान में आज 13 नवंबर से 19 नवंबर तक श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञानयज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन का शुभारंभ आज शुक्रवार को प्रातः 10 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ होगा।कथा का […]

You May Like